अब तक का सबसे बड़ा दल करेगा त्रिशूल चोटी का आरोहण, जानिए कितने सदस्य हैं शामिल
अब तक का सबसे बड़ा दल त्रिशूल चोटी का आरोहण करेगा। इस दल में 54 सदस्य शामिल हैं।
उत्तरकाशी, जेएनएन। इंडियन एवरेस्ट मैसिफ एक्सपीडिशन-2020 की तैयारियों के क्रम में 54 प्रतिभागियों का दल इन दिनों समुद्रतल से 7120 मीटर ऊंची त्रिशूल चोटी के आरोहण में जुटा हुआ है। त्रिशूल चोटी का एक साथ आरोहण करने वाला यह आज तक का पहला सबसे बड़ा दल होगा। इसके बाद दल नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) उत्तरकाशी के नेतृत्व में अप्रैल 2020 में एवरेस्ट मैसिफ एक्सपीडिएशन के लिए जाएगा। विदित हो कि विश्व में पहली बार भारत का यह दल एवरेस्ट शृंखला में शामिल चार चोटियों का एक साथ आरोहण करेगा।
केंद्रीय युवा कल्याण और खेल मंत्रालय और इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन (आइएमएफ) की पहल पर इंडियन एवरेस्ट मैसिफ एक्सपीडिशन-2020 अभियान तय किया गया है। इस अभियान के प्रथम चरण में सौ प्रतिभागियों ने निम उत्तरकाशी और जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (जिम) पहलगाम (जम्मू-कश्मीर) में प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण के बाद आइएमएफ ने 54 प्रतिभागियों का चयन किया। गत 27 अगस्त को इन 54 प्रतिभागियों का दल निम के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट के नेतृत्व में त्रिशूल चोटी के आरोहण के लिए रवाना हुआ।
कर्नल बिष्ट ने बताया कि यह अभियान इंडियन एवरेस्ट मैसिफ एक्सपीडिशन-2020 की तैयारी है। शनिवार को यह दल कैंप वन से समिट कैंप की ओर बढ़ा है और 12 सितंबर को त्रिशूल शिखर का आरोहण करेगा। दल में देशभर से 41 पुरुष और 13 महिलाएं शामिल हैं। इनमें नौ पुरुष और तीन महिलाएं उत्तराखंड से हैं। कर्नल बिष्ट ने बताया कि त्रिशूल चोटी के आरोहण को इससे बड़ा दल पहले कभी नहीं गया। इस आरोहण के बाद जो सबसे बेहतर प्रतिभागी होंगे, आइएमएफ उनका चयन इंडियन एवरेस्ट मैसिफ एक्सपीडिशन के लिए करेगा।
यह भी पढ़ें: उत्तरी ध्रुव फतह करने के करीब आइपीएस अपर्णा कुमार, पढ़िए पूरी खबर
एवरेस्ट शृंखला की चार चोटियां
एवरेस्ट शृंखला में माउंट एवरेस्ट (8848 मीटर) के अलावा माउंट ल्होत्से (8516 मीटर), माउंट नुपत्से (7861 मीटर) और माउंट पुमोरी (7161 मीटर) चोटी शामिल हैं। एवरेस्ट के बेस कैंप से इन चारों चोटियों के लिए अलग-अलग रास्ता जाता है।
यह भी पढ़ें: अपर्णा कुमार ने दक्षिणी ध्रुव में लहराया तिरंगा, जानिए उनका सफर