हर्षिल घाटी में दिनभर होती रही बर्फबारी
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : गुरुवार को पूरे दिन गंगोत्री और यमुनोत्री ही नहीं बल्कि खरसाल
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : गुरुवार को पूरे दिन गंगोत्री और यमुनोत्री ही नहीं बल्कि खरसाली, मुखवा, धराली, हर्षिल, सुक्की टॉप, दयारा बुग्याल, डोडीताल, ओसला गंगाड़ सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण धराली से आगे गंगोत्री हाईवे बंद हो गया। इधर, जिला मुख्यालय उत्तरकाशी के अलावा बड़कोट, पुरोला, चिन्यालीसौड़ और डुंडा में हल्की बारिश हुई, जिसके कारण उत्तरकाशी व आसपास के क्षेत्र में ठंड का प्रकोप बढ़ गया। यह बर्फबारी फसलों के लिए अच्छी मानी जा रही है।
बाड़ाहाट में ठिठुर रहे हैं लोग, अभी नहीं जले अलाव: सीमांतवर्ती क्षेत्रों में तीन दिन से हल्की बारिश के साथ ही बर्फबारी हो रही है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण जिले में भी कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। शीत, हवाओं और कड़ाके की ठंड से नगरपालिका बाड़ाहाट में बेघर और निराश्रित लोग, फक्कड़ बाबा खुले आसमान के नीचे रात गुजार रहे हैं। ठंड से बचने के लिए पालिका की ओर से इन लोगों के लिए न तो अलाव की व्यवस्था है और न ही रेनबसेरों की। नगर पालिका बाड़ाहाट के अध्यक्ष रमेश सेमवाल ने कहा कि वैकल्पिक तौर पर पालिका के एक, दो कक्षों में रेनबसेरों की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा पालिका की ओर से जल्द ही अलाव की व्यवस्था की जा रही है। बड़कोट में पालिका ने की अलाव की व्यवस्था
बड़कोट : ठंड से राहत देने के लिए बड़कोट में नगर पालिका ने अलाव की व्यवस्था की है, जहां लोग सुबह से शाम तक चौराहों पर अलाव का सहारा ले रहे हैं। तहसील मुख्यालय पर बड़ी संख्या में लोग आसपास के गांवों से रोजमर्रा के काम के लिए आते हैं। बड़कोट बाजार भी दर्जनों गांवों का मुख्य केंद्र भी है। लिहाजा लोग यहां पर खाद्यान्न और अन्य जरूरी सामग्री खरीदने के लिए पहुंचते हैं। लेकिन ठंड में लोगों की परेशानियां भी बढ़ जाती है। बस स्टैंड, अस्पताल मार्ग, आइटीआइ रोड एवं तहसील चौक पर भी लोगों का आवागमन लगा रहता है। नगर पालिका ने शहर के सभी चिह्नित चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की है, जहां लोग इन्हें जलाकर ठंड को दूर कर रहे हैं। गुरुवार को तो दिन में ही शहर के लगभग सभी प्रमुख चौराहों पर लोग अलाव पर हाथ सेकते नजर आए। पालिका अध्यक्ष अनुपमा रावत ने बताया कि शहर में बढ़ती ठंड को देखते हुए अलाव की व्यवस्था कराई गई है। (संसू)