कोरोना से मुकाबला कर रहे हैं स्वच्छता के सैनिक
जागरण संवाददाता उत्तरकाशी कोरोना से जंग में चिकित्सक व पुलिस के अलावा सफाईकर्मी भी अपनी
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी: कोरोना से जंग में चिकित्सक व पुलिस के अलावा सफाईकर्मी भी अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं। हर दिन सुबह 29 स्थायी और 37 अस्थायी कर्मी शहर में सफाई अभियान और सेनिटाइजर के छिड़काव में लगे हैं। इनमें अस्थाई कर्मचारियों को दिसंबर 2019 से लेकर मार्च 2010 तक का मानदेय नहीं मिला है। पर इसके बावजूद यह सफाईकर्मी अपने फर्ज से पीछे नहीं हटे, बल्कि लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अपनी सेहत की परवाह किए बगैर लोगों को स्वच्छ रखने की सफाई कर्मियों की मुहिम को लोग सलाम कर रहे हैं।
लॉकडाउन में जहां लोग अपने घरों में हैं, वहीं नगर पालिका बाड़ाहाट (उत्तरकाशी) में सफाई कर्मचारी शहर को साफ सुथरा करके कोरोना वायरस के खतरे को कम करने में जुटे हैं। ये सफाई कर्मचारी जनता के लिए खुद की परवाह किए बगैर मुस्तैद होकर ड्यूटी कर रहे हैं। कोरोना वायरस को मात देने के लिए ये पर्यावरण मित्र सच्ची सेवा कर रहे हैं। सुबह-शाम सड़क, नाली और कूड़ेदान साफ करने वाले इन सफाई कर्मियों के जज्बे को शहरवासी सलाम कर रहे हैं।
पर्यावरण मित्र शिवा ने कहा कि कंधे पर छोटी स्प्रे मशीनों से सेनिटाइजर का छिड़काव कर रहे हैं। सड़कों के अलावा अस्पताल, मेडिकल स्टोर, सार्वजनिक स्थलों को भी सेनिटाइज किया जा रहा है। कहते हैं कि वे सभी जनता के हित में अपनी जिम्मेदारी को निभा रहे हैं। कोरोना संक्रमण के खतरे को कम करने के लिए युद्धस्तर पर सफाई अभियान चल रहा है। सफाई कर्मचारियों को पर्याप्त मास्क, दस्ताने जैसी सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराई गई है। अस्थाई कर्मचारियों का मानदेय जल्द दिया जाएगा।
रमेश सेमवाल, पालिकाध्यक्ष, बाड़ाहाट नगर पालिका