वन विभाग के खिलाफ भड़के यूजेवीएनएल कर्मचारी
कुटेटी देवी के निकट वन चौकी बनाने को लेकर यूजेवीएनएल के कर्मचारी और वन विभाग आमने सामने है।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : कुटेटी देवी के निकट वन चौकी बनाने को लेकर यूजेवीएनएल के कर्मचारी और वन विभाग आमने सामने है। बुधवार को यूजेवीएनएल अधिकारी कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर तत्काल निर्माण पर रोक लगाने की मांग की। वहीं उत्तरकाशी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी डीसी आर्य ने कहा कि जिस स्थान पर विभाग चौकी बना रहा है, वह स्थान वन विभाग का है। यूजेवीएनएल के कर्मियों का विरोध पूरी तरह से गलत है। यूजेवीएनएल के उच्च अधिकारियों से इस संबंध में बात की जा रही है।
बुधवार को कुटेटी देवी यूजेवीएनएल कॉलोनी में बड़ी संख्या में कर्मचारी एकत्र हुए। कर्मचारियों का आरोप है कि वन विभाग ने कॉलोनी परिसर में बने बरातघर, बच्चों के खेलने के लिये निर्मित स्थान का ताला तोड़कर इस स्थान पर वन चौकी का निर्माण शुरू किया है। जिससे कॉलोनी में रह रहे अधिकारी, कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि वन विभाग जबरन कॉलोनी में खाली पड़ी भूमि पर कब्जा कर रह है। जिस भूमि पर वन विभाग चौकी निर्मित करने जा रहा है, उस पर पूर्व में तिलोथ जलविद्युत परियोजना के आवास बने थे। जो 1991 में आये विनाशकारी भूकंप आने से ध्वस्त हो गए थे। समन्वय समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि वन विभाग की ओर से अवैध निर्माण को शीघ्र बंद नहीं किया गया तो कर्मचारी आंदोलन के लिए बाध्य हो जाएंगे। इस मौके पर भरत भरद्वाज, अरविद गौड़, सुरेंद्र सिंह नेगी, महावीर सिंह नाथ, पंकज चंचल, इलम सिंह पंवार, एस थपलियाल, खिलेश पांडेय, विपिन राणा, सौरभ थपलियाल, सुधीर पंवार, नवीन, विनोद, उपेंद्र, केशवा नंद भट्ट आदि मौजूद थे।