आंगनबाड़ी केंद्रों की निर्जीव दीवारों पर फूंक रहे जान
संवाद सहयोगी उत्तरकाशी पनघा आर्ट ग्रुप जिला मुख्यालय के बाद अब जिले के विभिन्न ब्लॉकों में
संवाद सहयोगी, उत्तरकाशी : पनघा आर्ट ग्रुप जिला मुख्यालय के बाद अब जिले के विभिन्न ब्लॉकों में अपनी कलाकृतियां उकेरकर लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। ग्रुप के सदस्य सर्व शिक्षा अभियान के तहत सरकारी प्राथमिक विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की दीवारों में कलाकृतियां बनाकर नन्हें, मुन्ने बच्चों को आकर्षित कर रहे हैं। अपने पसंदीदा कलाकृतियां देखकर बच्चे भी फूले नहीं समा रहे हैं।
पनघा आर्ट ग्रुप के समन्वयक उत्तम रावत ने बताया कि उनका ग्रुप बीते तीन वर्षों से कला के क्षेत्र में सक्रिय हैं। कहा उन्होंने काशी विश्वनाथ चौक परिसर, ताबांखानी सुरंग और गंगाघाटों पर विभिन्न प्रकार की कलाकृतियां बनाई हैं। इसके अलावा उन्होंने ऋषिकेश, देहरादून, अल्मोड़ा और दिल्ली में भी अपनी कलाकृतियां उकेरी हैं। एक महीने पहले उन्हें सर्व शिक्षा अभियान उत्तरकाशी के तहत जिले के विभिन्न ब्लॉक भटवाड़ी, डुंडा, चिन्यालीसौड़, नौगांव, पुरोला और मोरी में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की दीवारों पर कलाकृतियां बनाने का काम मिला है। कहा उन्होंने अब तक भटवाड़ी ब्लॉक के डांग, कंसेण, मांडो, बग्यालगांव, हर्षिल, जसपुर, झाला, पुराली, गमदिडगांव, बंयाणा, क्यार्क, चिन्यालीसौड़ के चिन्याली, डुंडा ब्लॉक में उपरीकोट, भरांण गांव, जखारी आदि आंगनबाड़ी केंद्रों को अपनी कला से सजा दी हैं। कहा ग्रुप के सदस्य आंगनबाड़ी केंद्रों में मोगली, जिराफ, संडे-मंडे और विभिन्न प्रकार के खिलौनों की कलाकृतियां बना रहे हैं। जिससे बच्चे बहुत उत्साहित हो रहे हैं। कहा आंगनबाड़ी केंद्रों की दीवारों में जान भरने के लिए उनके ग्रुप के सदस्य मुकुल, सोबेंद्र, रामवीर, शुभम, लक्ष्मीप्रसाद, प्रणव उनका साथ निभा रहे हैं।