हाईवे की हालत पर व्यापारियों में आक्रोश
चिन्यालीसौड़ नगर क्षेत्र के व्यापारियों ने सीमा सड़क संगठन की कार्यशैली पर रोष जताया।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : चिन्यालीसौड़ नगर क्षेत्र के व्यापारियों ने सीमा सड़क संगठन की लापरवाही पर आक्रोश व्यक्त किया। व्यापारियों ने कहा कि हाईवे पर कई जगह गड्ढे बने हुए हैं। जलभराव के कारण राहगीरों का चलाना मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन दुर्घटना ग्रस्त हो रहे हैं। इन दुर्घटनाओं में व्यापारी वासुदेव, सुमित्रा, रामलाल, पवन, मनोज, सचिन आदि चोटिल हो चुके हैं।
पालिका क्षेत्र के अंतर्गत गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के मुख्य बाजार पीपल मंडी, चिन्यालीसौड़, नागणी, बड़ेथी के सात किलोमीटर के दायरे में कई जगह जल भराव व गड्ढे दुर्घटना का सबब बने हुए हैं। जिला सहकारी बैंक के सामने शक्ति पुरम आवासीय भवनों से निकलने वाले पानी और बरसाती पानी की निकासी बीस दिनों से बंद। व्यापारी नेता अमित सकलानी, कृष्णा प्रसाद, पूरण बिष्ट, पूर्व पालिकाध्यक्ष शूरवीर रांगड़, पूर्व कनिष्ठ उप प्रमुख जोत सिंह बिष्ट, प्रधान कोमल राणा, राजेश, गंभीर सिंह पंवार आदि ने बीआरओ की लापरवाही पर रोष व्यक्त किया। कहा कि अगर हाईवे की हालत बीआरओ ने जल्द सही नहीं की तो व्यापारियों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।