यमुनोत्री हाईवे पर हुआ भारी भूस्खलन, एक श्रमिक की दबने से हुई मौत
उत्तरकाशी जिले के बडकोट के निकट यमुनोत्री हाईवे पर भारी भूस्खलन में एक श्रमिक की मलबे में दबकर मौत हो गई है।
उत्तरकाशी, जेएनएन। आज बडकोट के निकट यमुनोत्री हाईवे पर भारी भूस्खलन हुआ। भूस्खलन के दौरान सरूखेत से बडकोट की ओर आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार एक श्रमिक भूस्खलन की चपेट में आकर मलबे में दब गया है। रेस्क्यू टीम ने मलबे में दबे श्रमिक को निकाल लिया है, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
भरपूर थाने के निरीक्षक दिग्पाल कोहली ने बताया कि यमुनोत्री हाईवे पर सरूखेत के पास कुछ श्रमिक पैराफिट का कार्य कर रहे थे। गुरुवार कि शाम को ट्रैक्टर ट्रॉली में सामान भरकर श्रमिक बडकोट की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सरूखेत के कृष्णा खड्ड में पहाड़ी से भूस्खलन हुआ।
ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार नेपाल मूल के श्रमिक पदम राणा ने बचने के लिए ट्रॉली से कूद मारी। तो ट्रॉली तो भूस्खलन से बचकर आगे निकल गई, लेकिन पदम राणा भूस्खलन के मलबे में दब गया। सूचना पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। मलबे को हटाकर श्रमिक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें: राजस्व विभाग के संग्रह अनुसेवक की हादसे में मौत, विकासनगर में गहरी खाई में गिरी कार