यहां आज भी नहीं बन पाया सार्वजनिक शौचालय, तीर्थयात्री और आमजन परेशान
उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी का दुर्भाग्य कहें या जिला प्रशासन की लापरवाही कई यात्राकाल बीत जाने पर भी मुख्य बाजार में सार्वजनिक और अस्थाई शौचालय को निर्माण नहीं हो पाया है।
उत्तरकाशी, जेएनएन। इसे भटवाड़ी क्षेत्र का दुर्भाग्य कहें या जिला प्रशासन की लापरवाही, कई यात्राकाल बीत जाने के बाद भी भटवाड़ी मुख्य बाजार में सार्वजनिक और अस्थाई शौचालय को निर्माण नहीं हो पाया है। शौचालय नहीं होने से यात्रा के दौरान यहां ठहरने वाले तीर्थयात्री और स्थानीय लोग खुले में शौच करने को मजबूर हैं। इससे आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। नमामि गंगे की योजना भी भटवाड़ी कस्बे में परवान नहीं चढ़ रही है।
जिला मुख्यालय से करीब 34 किमी दूर गंगोत्री राजमार्ग पर भटवाड़ी कस्बा पड़ता है। यह क्षेत्र गंगोत्री धाम जाने वाले तीर्थयात्रियों का विश्राम स्थल भी है। लेकिन यहां तीर्थयात्रियों के लिए व्यवस्थाओं के नाम पर सब शून्य है। भटवाड़ी मुख्य बाजार में न तो सार्वजनिक शौचालय है और न ही अस्थाई शौचालय की व्यवस्था है। चारधाम यात्रा को बीते हुए चार महीने का समय बीत चुका है, अक्टूबर महीने के अंतिम सप्ताह में गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने को हैं, उसके बावजूद भी क्षेत्र में जिला प्रशासन की व्यवस्थाएं धूल फांक रही है।
यह भी पढ़ें: यहां कूड़ा उठ नहीं रहा और बिल भेजा 92 लाख का, जानिए पूरा मामला
स्थानीय नागरिक राजेश रतूड़ी, कुशलानंद रतूड़ी, रवि रावत और अनुराग ने बताया कि भटवाड़ी तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए यह क्षेत्र सैरगाह भी है। यात्रा सीजन में देश, विदेश के पर्यटक और तीर्थयात्री यहां पहुंचते हैं। भटवाड़ी मुख्य बाजार में ठहरने के बाद यात्रियों को शौचालय की परेशानी झेलनी पड़ती है। कुछ यात्री आगे की ओर बढ़ जाते हैं और कुछ यात्री खुले में शौच करने को मजबूर हो जाते हैं।
नमामि गंगे योजना के तहत शौचालय निर्माण के लिए कई योजनाएं संचालित हो रहे हैं। यही नहीं जिला ओडीएफ (खुले में शौच) मुक्त भी है। उसके बावजूद भी भटवाड़ी कस्बा आज भी सार्वजनिक शौचालय के निर्माण की बाट जोह रहा है। यात्राकाल में जिला प्रशासन की व्यवस्थायें खानापूर्ति के लिए केवल बैठकों और दस्तावेजों में ही पूरी हो जाती है।
भटवाड़ी उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि यात्रासीजन के दौरान आसपास क्षेत्रों में अस्थायी शौचालयों का निर्माण किया गया है। सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए विभागीय योजना स्वीकृत की जाएगी।
यह भी पढ़ें: दून में है मोदी के मिशन को पूरा करने का दम, पढ़िए पूरी खबर