इंजीनियर पर्वतारोही की भोजवासा में मौत
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : भागीरथी-टू (6512 मीटर) चोटी के आरोहण अभियान में शामिल प
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : भागीरथी-टू (6512 मीटर) चोटी के आरोहण अभियान में शामिल पर्वतारोही की भोजवासा के पास तबियत खराब होने से मौत हो गई। गुरुवार को गंगोत्री नेशनल पार्क व एसडीआरएफ की टीम ने पर्वतारोही के शव को गंगोत्री पहुंचाया। इस घटना के बाद मृतक पर्वतारोही के साथियों ने अपना अभियान स्थगित कर दिया है तथा वह भी गंगोत्री लौट आए हैं।
पांच सदस्यीय एक पर्वतारोही दलसात सितंबर को गंगोत्री से भागीरथी टू के लिए रवाना हुआ। इस दल में पीतंबर निवासी मसूरी, भरत अशोक निवासी क्रोश नगर निकट केएस राहुन आरबी कॉलेज बंगलूरू, प्रतीक्षा निवासी बैंगलोर, पुष्कर राज निवासी पुणे (महाराष्ट्र), सम्पत जयराम निवासी बंगलूरू शामिल थे। 9 सितंबर को यह दल भागीरथी टू चोटी के बेस कैंप नंदनवन पहुंचा। इस दल ने 10 सितंबर से पर्वतारोहण अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान बुधवार को दल में शामिल 32 वर्षीय भरत अशोक की तबियत खराब हो गई थी। टीम लीडर पीतंबर ने भरत अशोक को कुछ पोर्टरों के साथ गंगोत्री के लिए रवाना किया।
बुधवार देर शाम को पोर्टर भरत अशोक को लेकर भोजवासा पहुंचे, लेकिन रात को भरत अशोक की तबियत और अधिक खराब हो गई और रात दो बजे करीब उन्होंने भोजवासा में दम तोड़ दिया। इसके बाद गंगोत्री नेशनल पार्क की टीम ने पर्वतारोही दल को इस घटना की सूचना दी, जिसके बाद दल वापस लौटा।
गंगोत्री नेशनल पार्क के रेंज अधिकारी प्रताप पंवार ने बताया कि मृतक पर्वतारोही बैंगलुरू में एक कंपनी में इंजीनियर था। इस दल ने इसी वर्ष त्रिशूल चोटी का भी आरोहण किया। अगले वर्ष एवरेस्ट की तैयारी के लिए दल भागीरथी टू चोटी के आरोहण करने के लिए आया था।