Uttarakhand News: गंगोत्री राजमार्ग अवरुद्ध होने से डेढ़ हजार तीर्थयात्री फंसे, लगातार पहाड़ी से गिर रहे पत्थर
Uttarakhand News गंगा घाटी में भारी वर्षा के कारण बुधवार की शाम को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्गू गाड़ व सुनगर के बीच अवरुद्ध हुआ। लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण राजमार्ग को सुचारू करने का कार्य शुरू नहीं हो पाया।
उत्तरकाशी, जागरण संवाददाता: गंगा घाटी में भारी वर्षा के कारण बुधवार की शाम को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्गू गाड़ व सुनगर के बीच अवरुद्ध हुआ। लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण राजमार्ग को सुचारू करने का कार्य शुरू नहीं हो पाया। सुनगर व गंगनानी में फंसे करीब डेढ़ हजार तीर्थयात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने भारी वर्षा के बीच तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने का दावा किया।
गंगोत्री राजमार्ग पर हेल्गू गाड़ और सुनगर के बीच एक माह पहले सक्रिय हुआ भूस्खलन जोन नासूर बन गया है। मंगलवार की दोपहर से लेकर रात दस बजे तक राजमार्ग उक्त स्थान पर अवरुद्ध रहा। बुधवार की शाम को वर्षा होने से भूस्खलन सक्रिय हुआ। लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरते रहे।
इस दौरान सुनगर और गंगनानी की ओर फंसे तीन हजार से अधिक तीर्थयात्री परेशान रहे। जबकि उत्तरकाशी से गंगोत्री की ओर जाने वाले तीर्थयात्रियों को भटवाड़ी में रोका गया। गंगोत्री धाम से दर्शन कर लौट रहे डेढ़ हजार से अधिक तीर्थयात्रियों के वाहनों की सुनगर से लेकर गंगनानी तक लंबी कतार लगी रही। तीर्थयात्री देर रात तक राजमार्ग के खुलने का इंतजार करते रहे।