महिला पर छात्रा के अपहरण का मुकदमा दर्ज
संवाद सूत्र, पुरोला : पुरोला थाना क्षेत्र की आठवीं में पढ़ने वाली एक छात्रा तीन जनवरी से लापता
संवाद सूत्र, पुरोला : पुरोला थाना क्षेत्र की आठवीं में पढ़ने वाली एक छात्रा तीन जनवरी से लापता है। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गांव की एक महिला पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर महिला और लापता चल रही छात्रा की खोजबीन शुरू कर दी है।
पुरोला थाना क्षेत्र के एक गांव की 13 वर्षीय बालिका गांव के निकट के इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। परिजनों के अनुसार तीन जनवरी को छात्रा यह कह कर स्कूल आई थी कि स्कूल की छुट्टी के बाद वह अपने चाचा के घर पुरोला जाएगी। जब 4 जनवरी को छात्रा अपने घर नहीं लौटी तो उन्होंने खोजबीन करनी शुरू की। पता चला कि छात्रा तीन जनवरी को अपने चाचा के घर भी नहीं गई और स्कूल भी नहीं पहुंची। परिजनों ने अपने अन्य रिश्तेदारों के यहां खोजबीन करनी शुरू की। छात्रा का कोई पता नहीं चल पाया। खोजबीन के दौरान यह पता चला कि तीन जनवरी से गांव की एक महिला भी अपने बच्चों के साथ हरियाणा या चंडीगढ़ गई हुई। परिजनों ने महिला को फोन करने का भी प्रयास किया। महिला का फोन लगातार बंद आ रहा है। परिजनों ने कहा कि संबंधित महिला काफी दिनों से उनकी बेटी को बहला-फुसला रही थी। इसी कारण काफी दिनों से उनकी बेटी महिला के घर आती-जाती थी। बुधवार को परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि संबंधित महिला ने उनकी बेटी का अपहरण किया है तथा बेटी को शहर मे किसी को बेच सकती है। पुरोला के थानाध्यक्ष रवि प्रसाद कवि ने बताया कि छात्रा के परिजनों कि तहरीर के आधार पर आरोपित महिला के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर दिया है। महिला की लोकेशन आदि का पता लगाया जा रहा है।