विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगोत्री गोमुख ट्रेक पर खाई में गिरे बुजुर्ग पर्यटक लापता, बर्फबारी से खोज अभियान रुका

Published: Sun, 27 Sep 2026 04:46 PM (IST)

गंगोत्री-गोमुख ट्रेक पर कच्चीढांग के पास एक 63 वर्षीय पर्यटक खाई में गिरकर लापता हो गए, जिनकी तलाश में चलाए गए सर्च ऑपरेशन को बर्फबारी के कारण रोकना पड़ा।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। गंगोत्री-गोमुख ट्रेक पर चीड़बासा से करीब दो किमी आगे कच्चीढांग के पास एक बुजुर्ग पर्यटक पैर फिसलने से गहरी खाई में जा गिरा, जिसका शुक्रवार को चलाए गए सर्च आपरेशन में कुछ पता नहीं चल पाया है। वहीं, क्षेत्र में बर्फबारी के चलते सर्च आपरेशन रोकना पड़ा है।

गंगोत्री नेशनल पार्क के वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि यह घटना बीते शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है। महाराष्ट्र निवासी रामकुमार हनुमान गुप्ता उम्र 63 वर्ष अपने बेटे विशाल राम कुमार सहित अन्य कुछ पर्यटकों के साथ गोमुख के लिए रवाना हुए थे।

इस दौरान कच्चीढांग के पास पैर फिसलने से रामकुमार हनुमान गुप्ता खाई में जा गिरे, उनके बेटे व अन्य ने देर शाम कनखू बैरियर पर पहुंचकर हादसे की सूचना दी। सूचना पर शनिवार सुबह वन विभाग सहित एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खाई सहित नदी क्षेत्र में खोजबीन की। लेकिन बुजुर्ग का कुछ पता नहीं लग पाया।

वहीं, अपराह्न क्षेत्र में मौसम बदलने व बर्फबारी शुरू होने के चलते टीम को सर्च अभियान रोकना पड़ा। रविवार को दोबारा अभियान चलाया जाएगा। लापता बुजुर्ग पर्यटक के खाई से होकर नदी में गिरने की आशंका जतायी गई है।