सेवा आश्रम में हवन कर डॉ. नित्यानंद को किया याद
उत्तरांचल दैवीय आपदा पीड़ित सहायता समिति सेवा आश्रम मनेरी में डा़ नित्यानंद को याद किया गया।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : उत्तरांचल दैवीय आपदा पीड़ित सहायता समिति सेवा आश्रम मनेरी में डॉ. नित्यानंद की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर सेवा आश्रम में हवन किया गया। साथ ही डॉ. नित्यानंद के शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए कार्यों को याद किया गया।
उत्तरांचल दैवीय आपदा पीड़ित सहायता समिति सेवा आश्रम मनेरी के प्रकल्प प्रभारी चतर सिंह चौहान ने बताया कि समिति के संस्थापक डॉ. नित्यानंद का बुनियादी शिक्षा को लेकर बड़ा योगदान रहा है। वर्ष 1991 में उत्तरकाशी में आए विनाशकारी भूकंप से प्रभावितों की सहायता के लिए समिति का गठन किया गया था। भूकंप पीड़ितों की सहायता के बाद जब डॉ. नित्यानंद ने उत्तरकाशी जनपद का भ्रमण किया तो उन्हें गांवों में शिक्षा की कमी खली। इसके लिए उन्होंने गंगा घाटी में वर्ष 1993 में 20 एकल विद्यालयों व आवासीय विद्यालय की स्थापना की। आठ जनवरी वर्ष 2016 को डॉ. नित्यानंद इस दुनिया से चल बसे हैं। लेकिन, उनके प्रज्वलित किए गए शिक्षा के दीप से ज्ञान का प्रकाश फैलता जा रहा है।
इस अवसर पर श्रद्धांजलि देने वालों में अरविद, स्वामी अक्षयानंद आदि मौजूद थे।
---------------
संग्रह अभियान का जिला कार्यालय खोला
उत्तरकाशी : श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण संग्रह अभियान के लिए कैलाश आश्रम उजेली उत्तरकाशी में शुक्रवार को जिला कार्यालय खोला गया। जिला प्रचार प्रमुख विजयपाल सिंह मखलोगा ने बताया कि 15 जनवरी से घर-घर और व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर अभियान शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर उत्तराखंड प्रांत अभियान के प्रमुख पवन, अभियान के जिलाध्यक्ष सिद्देश्वरानंद महाराज, टिहरी विभाग के विभाग प्रचारक राजपुष्प, जिला प्रचारक चंदन, नगर संघचालक मोहन तलवार, कार्यालय प्रमुख सीताराम, जिला कारवाह कमलेश्वर रतूडी, जिला महामंत्री हरीश डंगवाल आदि मौजूद थे।