पटवारी चौकी में नहीं जाने पर स्पष्टीकरण तलब
जनसामान्य को राजस्व से संबंधित कार्यों को लेकर खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : जनसामान्य को राजस्व से संबंधित कार्यों को लेकर खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उपजिलाधिकारी कार्यालय से तय किए गए रोस्टर के बाद भी राजस्व उप निरीक्षक अपनी चौकियों में नहीं पहुंच रहे हैं। कुछ चौकियां तो ऐसी हैं जहां अभी तक राजस्व उप निरीक्षक एक बार भी नहीं पहुंचे। इसमें पुरोला का सर बडियार क्षेत्र भी एक है। सर बडियार में पुलिस के कार्य भी राजस्व उप निरीक्षक के पास हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने एक राजस्व उप निरीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है।
जनपद में राजस्व उप निरीक्षकों की खासी कमी है। अधिकांश राजस्व उप निरीक्षकों के पास दो से तीन राजस्व क्षेत्रों का भी प्रभार है। आमजन की परेशानियों को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बीते अक्टूबर माह में अतिरिक्त प्रभार देख रहे सभी राजस्व उप निरीक्षकों की रोस्टवार तैनाती करने के निर्देश दिए थे। उपजिलाधिकारियों ने रोस्टर भी तैयार किया। लेकिन, उसके बाद भी अधिकांश राजस्व उप निरीक्षक अपनी चौकियों पर नहीं पहुंचे। राजस्व उपनिरीक्षक बृजेश कुमार को पुरोला के गुंदियाट गांव में सोमवार व मंगलवार सर बडियार में बुधवार व गुरुवार, सुनाली में शुक्रवार व शनिवार को बैठने के आदेश हुए थे। लेकिन, आदेश के चार सप्ताह बीतने के बाद भी राजस्व उप निरीक्षक सर बडियार नहीं पहुंचे। इस मामले में बृजेश कुमार ने बताया कि एक राजस्व उप निरीक्षक कोरोना पॉजिटिव आया, उसके क्षेत्र की जिम्मेदारी भी उनके पास आ गई। इसलिए वह सर बडियार चौकी पर नहीं जा सके। इसी तरह से पुरोला और मोरी के सुदूरवर्ती राजस्व चौकियों में राजस्व उप निरीक्षक रोस्टर के अनुरूप नहीं पहुंचे। -------------
सर बडियार चौकी पर राजस्व उप निरीक्षक को दो दिन बैठना था। राजस्व उप निरीक्षक के न बैठने की शिकायत उन्हें मिली हैं। इस मामले में राजस्व उप निरीक्षक का स्पष्टीकरण मांगा गया है। जो भी राजस्व उप निरीक्षक तय रोस्टर के अनुसार संबंधित क्षेत्र की चौकी पर नहीं बैठेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी, उत्तरकाशी