दीये जलाकर शहीदों को याद किया
उत्तरकाशी सीमांत जनपद उत्तरकाशी में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके
उत्तरकाशी : सीमांत जनपद उत्तरकाशी में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके जिला मुख्यालय में एक दीया शहीदों के नाम एवं एक दीया राष्ट्र के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वनाथ मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोगों ने दीये जलाकर शहीदों को याद किया। इसके अलावा पुरोला, नौगांव, चिन्यालीसौड, गंगोत्री धाम में भी कार्यक्रम हुआ।
जिले के रवांई घाटी के रामा व कमल सिराईं, पुरोला नगर व गांव-गांव क्षेत्र में दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ग्रामीणों ने परंपरागत रूप से स्वाले, पूरी, पकौड़ी बनाए। दूर दराज गांव में भैला (चीड़ के छिल्लों से तैयार किया गया) खेला तथा रांसो तांदी गीतों पर नृत्य किया। पुरोला में संस्कार भारती की इकाई ने रंगोली व मिट्टी के दीयों से अखंड भारत का मानचित्र बनाकर दीपोत्सव मनाया। इस मौके पर इकाई के अध्यक्ष आचार्य लोकेश बडोनी, प्रांतीय प्रतिनिधि चंद्रभूषण बिजल्वाण ने कहा कि आज हमारी परंपरा और संस्कृति पाश्चात्य संस्कृति में विलीन होती जा रही है और अपनी संस्कृति को लोग भूलते जा रहे है।