यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दीपक बिजल्वाण बने उत्तरकाशी जिपं अध्यक्ष
जागरण संवाददाता उत्तरकाशी सीमांत जनपद उत्तरकाशी में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समथि

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : सीमांत जनपद उत्तरकाशी में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी दीपक बिजल्वाण विजयी हुए। दीपक बिजल्वाण ने भाजपा प्रत्याशी चंदन पंवार को एक वोट से हराया, जबकि उपाध्यक्ष पद पर पर्ची सिस्टम से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी कविता परमार को विजेता घोषित किया गया।
उत्तरकाशी में अध्यक्ष पद के लिए मैदान में केवल दो ही प्रत्याशी थे, जिसमें कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी दीपक बिजल्वाण और भाजपा प्रत्याशी चंदन पंवार के बीच मुकाबला था। 25 सदस्यों में 24 सदस्यों ने मतदान किया। एक सदस्य तबियत खराब होने की बात कह कर वोट देने नहीं पहुंचा। मतगणना में अध्यक्ष पद पर एक वोट रद हुई, जिसमें 12 मत दीपक बिजल्वाण के पक्ष में पड़े, जबकि 11 मत चंदन पंवार के पक्ष में पड़े। दीपक बिजल्वाण ने एक वोट से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी कविता परमार और भाजपा समर्थित प्रत्याशी पवन पंवार को 12-12 मत मिले, जिसके बाद लॉटरी डाली गई, जिसमें कविता परमार को विजेता घोषित किया गया। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जगमोहन रावत ने कहा कि उत्तरकाशी जिला पंचायत सीट पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी दीपक बिजल्वाण ने जीत दर्ज की। यह जीत कांग्रेस के लिए बड़ी जीत है।
