कांग्रेसियों ने फूंका भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पुतला
जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी ने गुरुवार को हनुमान चौक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत का पुतला दहन किया।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी ने गुरुवार को हनुमान चौक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत का पुतला दहन किया। इस अवसर पर महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष मीना नौटियाल ने कहा कि विगत दिनों भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश के लिए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया था, जिसकी वे सब निंदा करते हैं।
मीना नौटियाल ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने संपूर्ण नारी समाज का घोर अपमान किया है। इस तरह की टिप्पणी बेहद अशोभनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। कहा कि एक तरफ भाजपा महिला सशक्तीकरण की बात करती है और वहीं दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भरी सभा में एक वरिष्ठ महिला नेता पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं और उस सभा में बैठे भाजपा के नेता ठहाके लगाकर हंसते हैं। इससे स्पष्ट होता है कि भारतीय जनता पार्टी महिला सम्मान के प्रति कितनी गंभीर है। कहा कि डॉ. इंदिरा हृदयेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेता हैं और साथ में नेता प्रतिपक्ष भी हैं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को स्वयं मामले का संज्ञान लेकर उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए। इस मौके पर पालिका सभासद सविता भट्ट, कविता जोगेला, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जगमोहन रावत, शहर अध्यक्ष दिनेश गौड़, पालिका सभासद बुद्धि सिंह राणा, अजीत गुसाईं, महावीर चौहान आदि मौजूद थे।
उधर, पुरोला व मोरी के आक्रोशित कांग्रेसियों ने ब्लॉक अध्यक्ष किशन सिंह रावत की अध्यक्षता में मुख्य बाजार में जुलूस निकाला। साथ ही मुख्य तिराहे पर पुतला दहन किया। पुतला फूंकने वालों में जयेंद्र रावत, रेखा नौटियाल जोशी, नारायणी चौहान, विहारी लाल शाह, सुभाष नेगी, दिनेश उनियाल, राकेश रतूड़ी, मोहनलाल आदि मौजूद थे।