चारधाम यात्रा से पहले ही उत्तरकाशी में होटलों की एडवांस बुकिंग फुल
मौसम भले ही चुनौती दे रहा हो लेकिन श्रद्धालुओं में चार धाम यात्रो को लेकर जबरदस्त उत्साह है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के लिए अभी से होटल पैक हो चुके हैं।
उत्तरकाशी, जेएनएन। मौसम भले ही चुनौती दे रहा हो, लेकिन श्रद्धालुओं में चार धाम यात्रो को लेकर जबरदस्त उत्साह है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के लिए अभी से होटल पैक हो चुके हैं।
उत्तरकाशी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा ने बताया कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर करीब अस्सी फीसद होटलों में एडवांस बुकिंग हो चुकी है। उन्होंने बताया कि ज्यादातर बुकिंग छह मई से 25 जून के बीच की है।
दरअसल, इस बार शीतकाल में जबरदस्त बर्फबारी के बाद अभी तक हाईवे पूरी तरह से सुचारु नहीं हो पाए हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे को हालांकि यातायात के लिए सुचारु कर लिया गया है, लेकिन कई जगह सड़क किनारे विशाल हिमखंड हैं। इसे लेकर आशंका जताई जा रही थी कि शायद इस बार यात्रा में उत्साह कम रह सकता है। बावजूद इसके यात्रियों ने जो उत्साह दिखाया है, उससे होटल संचालकों के साथ ही अन्य व्यवसायियों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
वर्ष 2012 व 2013 की आपदा के बाद चारधाम यात्रा बुरी तरह से प्रभावित हुई थी। गंगोत्री व यमुनोत्री में आपदा का प्रभाव 2012 में ही शुरू हो गया था। जब गंगोत्री हाईवे पर अस्सी गंगा पर बना पुल बह गया। वर्ष 2013 में हालात और गंभीर हो गए।
फलस्वरूप वर्ष 2014 व 2015 में गंगोत्री व यमुनोत्री में यात्री सीमित संख्या में पहुंचे। इसके बाद तादाद में कुछ इजाफा हुआ। चार धाम यात्रा यहां के व्यवसायियों की आर्थिकी का प्रमुख स्रोत है। जिले की गंगा घाटी में 510 तथा यमुना घाटी में 340 छोटे-बड़े होटल हैं।
यह भी पढ़ें: कपाट खुलने से पहले बदरीनाथ और केदारनाथ में हटाई जा रही बर्फ
यह भी पढ़ें: भारी बर्फबारी से इस बार केदारनाथ में ध्वस्त हो चुकी हैं व्यवस्थाएं
यह भी पढ़ें: यात्रा व्यवस्थाओं के लिए मंदिर समिति का दल केदारनाथ रवाना