महिला एसआइ ने रक्तदान कर बचाई गर्भवती की जान
कोरोना संक्रमण काल में पुलिस की भूमिका सराहनीय रही है। इसमें मानवीयता के कई उदाहरण सामने आए हैं।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : कोरोना संक्रमण काल में पुलिस की भूमिका सराहनीय रही है। इसमें मानवीयता के कई उदाहरण सामने आए हैं। उत्तरकाशी में इसी मुहिम को उप निरीक्षक मनीषा नेगी ने आगे बढ़ाया है। उन्होंने रक्तदान कर एक जच्चा-बच्चा की जान बचाई है। ओ-निगेटिव रक्त ग्रुप की गर्भवती में हीमोग्लोबिन का स्तर काफी कम था। ऐसे में प्रसव कराने में जान को खतरा था। अस्पताल प्रशासन और रेड क्रॉस सोसाइटी ने मनीषा नेगी का आभार व्यक्त किया।
दरअसल बीते शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल में गर्भवती प्रसव के लिए भर्ती हुई। चिकित्सकों ने गर्भवती के स्वजनों को रक्त की व्यवस्था करने का कहा। लेकिन गर्भवती के स्वजनों व परिचितों में ओ-निगेटिव ग्रुप वाला कोई व्यक्ति नहीं मिला। जिसके बाद उन्होंने रेडक्रॉस से संपर्क किया। रेडक्रॉस ने अपने रक्तदाताओं की सूची देखी तो उसमें उप निरीक्षक मनीष नेगी को ओ-निगेटिव रक्त ग्रुप से थी। उत्तरकाशी कोतवाली की बाजार चौकी इंचार्ज मनीषा नेगी से रेडक्रॉस के सदस्यों ने संपर्क किया तो मनीषा नेगी तत्काल रक्तदान करने पहुंची। जिसके बाद गर्भवती को रक्त चढ़ाया जा सकता। गर्भवती ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। उपनिरीक्षक मनीषा नेगी ने उत्तरकाशी में तीन बार रक्तदान कर जरूरतमंदों की जान बचा चुकी हैं। पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने भी उप निरीक्षक मनीषा नेगी को इस नेक कार्य के लिए बधाई दी है।