महंगाई के खिलाफ कांग्रेसियों का गुस्सा फूटा
देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ रंवाई घाटी में भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
संवाद सूत्र, पुरोला : देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ रंवाई घाटी में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेसियों का गुस्सा फूटा। शुक्रवार को आक्रोशित कांग्रेसियों ने प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पुरोला में पेट्रोल पंप से लेकर मुख्य बाजार तक नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार देश और प्रदेश को महंगाई और भ्रष्टाचार में डूबा रही है। दिन प्रतिदिन महंगाई आसमान छू रही है। पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस के दाम बढ़ गए हैं। बेरोजगारी चरम पर है। भाजपा सरकार ने अपने साढ़े तीन साल के कार्यकाल में प्रदेश में किसी भी विभाग में एक भी नियुक्ति नहीं की है। बेरोजगारों को सरकार केवल आश्वासन ही दे रही है।
इस मौके पर पुरोला विधायक राजकुमार, जिलाध्यक्ष राजेंद्र राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष हरिमोहन नेगी, पीएल हिमान, अतुल रावत, रेखा नौटियाल, मीना सेमवाल, जगदीश गुसाईं, मोहब्बत नेगी, कमलेश रावत, गोपाल कैंतुरा, लोकेंद्र रावत, जयेंद्र राणा आदि शामिल थे।