मौसम पूर्वानुमान पर प्रशासन ने उत्तरकाशी में घोषित किया हाई अलर्ट Uttarkashi News
आपदा प्रभावित सीमांत जनपद उत्तरकाशी में मौसम विज्ञान विभाग के मौसम पूर्वानुमान पर प्रशासन ने हाईअलर्ट घोषित किया है।
उत्तरकाशी, जेएनएन। आपदा प्रभावित सीमांत जनपद उत्तरकाशी में मौसम विज्ञान विभाग के मौसम पूर्वानुमान पर प्रशासन ने हाईअलर्ट घोषित किया है।
जिलाधिकारी डा.आशीष चौहान ने मानसून को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्तर पर तत्परता बनाये रखते हुए सावधानी, सुरक्षा एवं आवागमन में नियंत्रण बरता जाए। किसी भी आपदा, दुर्घटना की स्थिति में त्वरित स्थलीय कार्रवाई करते हुए सूचनाओं की तत्काल आदान-प्रदान किया जाए।
समस्त विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों अपने मुख्यालय पर उपस्थित रहें एवं अपना मोबाइल फोन किसी भी स्थिति में बंद नहीं रखेगें। साथ ही बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय न छोडें। एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग एनडीआरएफ, क्यूआरटी, खोज-बचाव टीम एवं समस्त पुलिस चौकी, थानें एवं तहसील आपदा प्रबन्धन उपकरणों एवं पुलिस वायलेस सेटों को कार्यशील स्थिति में रखते हुए हाईअलर्ट पर रखने के आदेश दिए। साथ ही ज़िलाधिकारी ने जनपद में मुख्य मोटर मार्गों पर स्थित पुलिस बैरियर से रात्रि 8 बजे से सुबह 5 बजे तक वाहनों का संचालन प्रतिबंधित किया है। ऐसी स्थिति में केवल आवश्यक सेवा के वाहन ही संचालित हो सकेंगे। इसके अलावा असामान्य मौसम, भारी वर्षा के दौरान पर्यटकों, यात्रियों, स्थानीय लोगों को सूचित कर उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आवागमन की स्वीकृति नहीं दी जाएगी।
हल्की बारिश, सभी मोटर मार्ग सुचारु
वर्तमान समय में जनपद के जिला मुख्यालय, मनेरी, पुरोला क्षेत्र में हल्की बारिश हो रही है। अन्य तहसील क्षेत्रों में बादल छाए है। वर्तमान समय में जनपद के समस्त राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ग्रामीण मोटर मार्ग यातायात के लिए सुचारु है।