ट्रू-नेट पर पॉजिटिव मिला आरोपित, पुलिस टीम होम क्वारंटाइन
बीती शुक्रवार रात धरासू पुलिस टीम की ओर से डोडा पाउडर के साथ पकड़े गए दो आरोपितों में एक की रिपोर्ट ट्रू-नेट मशीन पर कोरोना पॉजिटिव आई है।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी: बीती शुक्रवार रात धरासू पुलिस टीम की ओर से डोडा पाउडर के साथ पकड़े गए दो आरोपितों में एक की रिपोर्ट ट्रू-नेट मशीन पर कोरोना पॉजिटिव आई है। आरोपितों को उत्तरकाशी पीजी कॉलेज के पुरीखेत स्थित कैंपस के एक कमरे में रखा गया है। वहीं सुरक्षा के लिए पीएसी के साथ पुलिस की तैनाती भी की गई है। इसके साथ ही आरोपितों के संपर्क में आने वाले पुलिस कर्मियों को होम क्वारंटाइन किया गया है। दोनों आरोपितों के रियल टाइम पॉलीमरेज चेन रिएक्शन (आरटीपीसीआर) टेस्ट के लिए सैंपल भी लिए गए हैं। ये सैंपल जांच के लिए एम्स ऋषिकेश भेजे गए हैं।
बीती शुक्रवार रात धरासू पुलिस टीम ने पंजाब लुधियाना के दो युवकों को 102 किलो डोडा पाउडर ले जाते हुए पकड़ा था। दोनों नशे की खेप लेकर पंजाब जा रहे थे। शनिवार को दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद इन्हें उत्तरकाशी लाया गया। शनिवार देर शाम ट्रू-नेट मशीन पर जांच के लिए इनके सैंपल लिए गए। इनमें से एक आरोपित का सैंपल पॉजिटिव आया तो धरासू पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने धरासू थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि वे उन सभी पुलिस कर्मियों को होम क्वारंटाइन कराएं, जिन्होंने आरोपितों को पकड़ा या फिर कार्रवाई के दौरान उनके संपर्क में आए। पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने बताया कि दोनों आरोपितों को उत्तरकाशी के पुरीखेत में आइसोलेशन में रखा गया है। वहां पूरी तरह से सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। आरोपितों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को भी होम क्वारंटाइन किया गया। आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए सैंपल लिए गए हैं।