पत्नी के साथ अवैध संबंध के शक में युवक ने लगाई फांसी
पत्नी के किसी दूसरे के साथ संबंध होने के शक में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जागरण संवाददाता, किच्छा : पत्नी के किसी दूसरे के साथ संबंध होने के शक में युवक ने फांसी लगा ली। उसका शव कमरे में पंखे से लटका मिला। चार माह पूर्व ही उसका विवाह हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शेम्पी सागर आयु 24 वर्ष पुत्र रमेश निवासी साई मंदिर के पीछे पुरानी गल्ला मंडी किच्छा का चार माह पूर्व ही विवाह हुआ था। बताया जाता है कि शादी के बाद से ही पति पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। उसे अपनी पत्नी का किसी और के साथ संबंध को लेकर शक था। शक को लेकर उसका अक्सर पत्नी से विवाद हो जाता था। शेम्पी पुताई का काम कर अपने परिवार की गुजर बसर करता था। सोमवार रात भी उसका पत्नी से विवाद हुआ था। जिससे उसकी पत्नी नीचे अपनी सास के पास सोने के लिए चली गई। शेम्पी प्रथम तल पर स्थित कमरे में रात को अकेला था। मंगलवार सुबह जब वह नीचे नहीं आया तो सुबह लगभग साढ़े आठ बजे घर के सदस्य ऊपर कमरे में गए तो शेम्पी कमरे में पंखे से फंदा में लटका रहा। माना जा रहा है रात को अपने को अकेला पाकर उसने फांसी लगा ली। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में ले लिया।