सड़क हादसे में साले की मौत, जीजा समेत दो गंभीर
बाजपुर के बेरिया दौलत मार्ग पर शुक्रवार सुबह हादसे में साले की मौत हो गई जबकि जीजा समेत दो गंभीर हैं।
संवाद सहयोगी, बाजपुर : बेरिया दौलत मार्ग पर शुक्रवार सुबह सामान से लदे छोटा हाथी वाहन व बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका जीजा समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
ग्राम शिवपुरी निवासी सतपाल सिंह (20) पुत्र रंजीत सिंह शुक्रवार को बाइक पर घर से बाजपुर जा रहा था। बाइक पर जीजा अजमेर सिंह (30) पुत्र जगदीश सिंह निवासी खानपुर पश्चिमी स्वार रामपुर (उप्र) भी सवार था। बेरिया दौलत रोड पर गडरी नदी के पुल के नजदीक विपरीत दिशा से आ रहे छोटा हाथी से टक्कर हो गई। हादसे के बाद छोटा हाथी का चालक राजेंद्र पुत्र मेवाराम निवासी केलाखेड़ा वाहन छोड़ भाग गया। घायल सतपाल सिंह, अजमेर सिंह के साथ ही छोटा हाथी में सवार क्लीनर शफीक पुत्र नन्हे निवासी ग्राम बरवाला केलाखेड़ा को सीएचसी ले जाया गया। डॉक्टरों ने सतपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर सिंह व शरीफ को हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए काशीपुर भेज दिया है। अस्पताल पहुंची मृतक की बड़ी बहन दलजीत कौर सदमे में बेहोश हो गई। महिला चिकित्सकों व आशा कार्यकत्री कुलविदर कौर ने संभाला। अंकल जी! प्लीज, एक बार और देख लीजिए
बाजपुर : घायल जैसे ही अस्पताल पहुंचे, डॉक्टरों की टीम उपचार में जुट गई। जांच के बाद सतपाल के चेहरे को कपडे़ से ढकते देख पास खड़ी बहन दलजीत कौर बिलख पड़ी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज माथुर से बोली, अंकल जी! प्लीज.. मेरे वीरे नूं एक बार और देख लीजिए, शायद उसकी सांसें लौट आएं और वह बच जाए।
हादसे में घायल अजमेर सिंह ने बताया कि शिवपुरी में उसकी ससुराल है। लॉकडाउन से एक-दो दिन पहले ही पत्नी दलजीत कौर के साथ ससुराल आया था। बार्डर क्षेत्र सील हो जाने के कारण जा नहीं पाया। सतपाल सिंह दो बहनों का इकलौता भाई था। लगभग चार माह पूर्व पिता रंजीत सिंह की हृदय पक्षाघात की वजह से मृत्यु हो गई थी।