साड़ी का फंदा बना फंखे से झूली महिला, परिजनों ने पति पर लगाया ये आरोप
ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में एक महिला ने साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।
रुद्रपुर, जेएनएन। ट्रांजिट कैंप में महिला ने साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। महिला के परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी का दहेज के लिए उत्पीड़न हो रहा था। फिलहाल, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुट गर्इ है।
पुलिस के मुताबिक नई बस्ती, फुलसुंगा, ट्रांजिट कैंप निवासी संजय का विवाह चार साल पहले फरीदपुर, बरेली निवासी 20 वर्षीय देवकी पुत्री स्व. नन्हे लाल से हुआ था। संजय सिडकुल की एक कंपनी में मजदूरी करता है। रविवार सुबह संजय कहीं गया हुआ था। घर में पत्नी देवकी अकेली थी। दोपहर में जब वह घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। इस पर वह पास में रहने वाले अपने ससुरालियों के घर पहुंचा।
उसने अपने साले राजू को बताया कि देवकी दरवाजा नहीं खोल रही है। इस पर राजू अपने जीजा संजय के साथ घर पहुंचा और खिड़की खोलकर अंदर झांका। अंदर देवकी साड़ी के फंदे पर पंखे से लटकी मिली। शोर होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर सीओ लाइन सुरजीत कुमार और थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप विद्या दत्त जोशी पुलिस कर्मियों के साथ पहुंच गए। बाद में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस दौरान महिला के भाई राजू और मां भूरी ने आरोप लगाया कि संजय दहेज के लिए अक्सर देवकी से मारपीट करता था। डेढ़ साल पहले उन्होंने 50 हजार रुपये दिए थे। रविवार सुबह भी देवकी रोते हुए घर आई और 16 हजार रुपये मांगे थे। थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप विद्यादत्त जोशी ने बताया कि जांच की जा रही है। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: ठेला स्वामी ने जहर खाकर की आत्महत्या, इस वजह से उठाया कदम
यह भी पढ़ें: निर्माणाधीन मकान में लटकता मिला युवक का शव, पुलिस कर रही जांच
यह भी पढ़ें: शादी के सवा महीने बाद ही नवविवाहिता ने मायके में लगाई फांसी