क्या तिलक राज बेहड़ भाजपा में जाएंगे? हरीश रावत मिलने पहुंचे, रावत ने बता दी पूरी सच्चाई
किच्छा विधायक के आवास पार पत्रकारों से से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने कहा कि तीन माह के बाद वह सड़क पर पार्टी के लिए संघर्ष में साथ होंगे। उनका कहना था कि कांग्रेस संघर्ष सड़क पर करेगी यह आते-जाते रहते हैं।
जागरण संवाददाता,रुद्रपुर : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि पार्टी में पद -प्रतिष्ठा की कोई लड़ाई नहीं है। कोई गुटबाजी, हवाबाजी भी नहीं है। जो संघर्ष करेगा उसके साथ वह साढ़े 24 घंटे साथ रहकर खड़े रहेंगे। पार्टी में स्थानीय गुटबाजी के सवाल पर वह बोले कांग्रेस लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ रही है।
गांधी, नेहरू, आंबेडकर के सिद्धांत, विपक्ष को बचाने की लड़ाई सहित संविधान को बचाने की लड़ाई लड़नी है। वह किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के आवास पर उनके स्वास्थ्य का हाल जानने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। इसके पहले उन्होंने रोडवेज के सामने अतिक्रमण में उजाड़े गए व्यापारियों से मिलकर उनके आंसू पोछे। कहा कि सरकार को चाहिए कि इन सभी व्यापारियों को पुनर्वासित करे।
किच्छा विधायक के आवास पार पत्रकारों से से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने
बेहड़ को तराई का शेर बताया। कहा कि तीन माह के बाद वह सड़क पर पार्टी के लिए संघर्ष में साथ होंगे। आगामी निकाय चुनाव को लेकर उनका कहना था कि कांग्रेस संघर्ष सड़क पर करेगी, यह आते-जाते रहते हैं।
व्यापारियों को रोडवेज के सामने से उजाड़े जाने को लेकर उनका कहना था कि प्रशासन ने मात्र दीवार की रंगाई-पुताई कराए जाने के नाम पर व्यापारियों को उजाड़ दिया। इसके लिए कांग्रेस लड़ाई सड़क पर लड़ेगी। रावत ने गन्ना किसानों सहित पहाड़ में आडू, सेब सहित नासपाती के बाग उजड़ने, किसानों की आर्थिक स्थिति खराब होने पर सरकार को घेरा। वहीं कहा कि बेरोजगारी चरम पर है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि कोई गुटबाजी, कोई हवाबाजी नहीं है। जो कफन बांधकर चलना चाहता है, उसके साथ वह संघर्ष करने के लिए हमेशा तैयार हैं। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के भाजपा में जाने व लगातार भाजपा नेताओं की तरफ से उनके आवास पर पहुंचने के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह कहीं नहीं जाने वाले, तीन माह बाद हम खुद उनके साथ पार्टी को मजबूत करने के लिए संघर्ष करेंगे।
शायराना अंदाज में बोले जिंदगी में और भी गम हैं मुहब्बत के सिवा। पार्टी में छोटे कार्यकर्ता, बड़े नेता मिलकर कांग्रेस को शक्तिशाली बनाने के लिए संघर्ष करेंगे इसके सिवाए कोई रास्ता नहीं है। जनसंघर्ष से ही कोई रास्ता निकलेगा। पूर्व मुख्यमंत्री यहीं नहीं रुके व्यापारियों को उजाड़े जाने को लेकर तल्ख उत्तर दिया कि धामी की सरकार धोखेबाज है।
गुटबाजी रही हावी, अध्यक्ष सहित महानगर अध्यक्ष ने बनाई दूरी
आवास विकास स्थित किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के आवास पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के सामने गुटबाजी साफ दिखाई दी। महानगर कांग्रेस का एक ही गुट उनके साथ दिखाई दिया। पूर्व महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा, वरिष्ठ उपाध्यख मीना शर्मा, अनिल शर्मा सहित बाकी कार्यकर्ताओं ने यहां उनका जोरदार स्वागत किया। जबकि नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा, जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा नहीं पहुंचे।
इससे साफ हो गया कि कांग्रेस में बड़े नेताओं के आने पर भी गुटबाजी खत्म नहीं हो सकी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से रोडवेज के सामने व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा आशू ग्रोवर, विनोद ठुकराल, राजू जोशी, इंद्रजीत सिंह, बलजीत सिंह,अजीत सिंह, मनोज मदान, हर्ष रावल, सोनू बंसल, नरेंद्र चावला, हरजिंदर सिंह, शैलेंद्र ग्रोवर, जगजीत सिंह, अमरीक सिंह आदि ने मुलाकात की।