नए वार्डो से जल्द कूड़ों की समस्या से मिलेगी निजात
नगर निगम में शामिल नए गांवों के कूड़ों की समस्या से जल्द निजात मिलेगी।
जागरण संवाददाता, काशीपुर : नगर निगम में शामिल नए गांवों के कूड़ों की समस्या से जल्द निजात मिलेगी। इसके लिए 20 हाईड्रोलिक टेंपो क्रय व अन्य वाहन भी क्रय किए जाएंगे। इसके अलावा निगम क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछेगा। जिससे लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की दिक्कत न हो सके।
नगर निगम में 14 गांव व दो आंशिक गांव शामिल हुए तो वार्डो की संख्या 20 से बढ़कर 40 हो गई। निगम में शामिल नए गावों के बने वार्डों में बजट के अभाव में जगह-जगह कूड़ों के ढेर लगे हैं। जल निकासी की सुविधा न होने और बदहाल सड़कों से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब इन समस्याओं का जल्द समाधान होगा। निगम ने शहर क्षेत्र में 13.50 करोड़ में सड़कों के निर्माण सहित 191 कार्य होंगे। इसके अलावा 1500 एलईडी व बल्ब, दो डंपर, एक ट्रैक्टर व कूड़ा उठाने के लिए 20 हाईड्रोलिक टेंपो क्रय किए जाएंगे। 14वें वित्त व निगम की आय से करीब 20 करोड़ रुपये के विकास कार्य होंगे। मेयर ऊषा चौधरी ने बताया कि मार्च में टेंडर होने के बाद तेजी से कार्य कराए जाएंगे। पूरी कोशिश की जाएगी कि लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके। जैसे-जैसे बजट मिलेगा, वैसे-वैसे विकास कार्य कराए जाएंगे।