सेना में जो सीखा, यहां लीडरशिप के तौर पर उतारूंगा : कोठियाल
रुद्रपुर में आम आदमी पार्टी नेता रिटायर्ड कर्नल अजय कोठियाल ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित।
जागरण संवाददाता,रुद्रपुर : आम आदमी पार्टी के प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का चेहरा रिटायर्ड कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने पर बिजली, पानी व स्वास्थ्य की योजनाओं को धरातल पर उतारने के पार्टी के संकल्प को दोहराया।
शहर के एक मैरिज पैलेस में बुधवार को आयोजित सदस्यता अभियान कार्यक्रम में अपराह्न दो बजे पहुंचे कोठियाल ने कहा कि आप जब से अस्तित्व में आई है, आम आदमी के हक की लड़ाई लड़ रही है। उत्तराखंड बनने के बाद लोगों की आशाओं पर कांग्रेस व भाजपा की सरकारें खरी नहीं उतरी हैं। बिजली, पानी व स्वास्थ्य की समस्याएं यहां पर लोगों को परेशान कर रही हैं। जिनका निराकरण आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर खुद ही हो जाएगा। कहा कि उन्होंने सेना में जो भी अनुशासन के बीच सीखा है, उसे कार्यकर्ताओं के बीच लीडरशिप के तौर पर उतारने की कोशिश करूंगा। जो भी विकास कार्यक्रम दिल्ली में केजरीवाल सरकार चला रही है वह सभी यहां उत्तराखंड में चलाए जाएंगे। 300 यूनिट तक बिजली हर हाल में मुफ्त दी जाएगी। कोठियाल ने का कि प्रदेश की भाजपा सरकार सही काम कर रही है या नहीं यह देखने का काम विपक्ष का है। अजय कोठियाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की तरफ से चुनाव के पहले ही उनको मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किए जाने के बाद दूसरी पार्टियों में भी होड़ मची है। नित नई घोषणाएं की जा रही हैं। उनका कहना था कि जो भी विकासपरक मुददे हैं उनको जनता के बीच ले जाएंगे। आम आदमी पार्टी एक विकल्प के तौर पर समाज के बीच अपनी पैठ बना रही है। इस चुनाव में भी जनता का पूरा साथ पार्टी को मिलने वाला है। कार्यक्रम में युवा नेता नितिन सिंह को टोपी पहनाकर आम आदमी पार्टी में शामिल किए जाने की कोठियाल ने घोषणा की। कोठियाल का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। आप में विभिन्न दलों के करीब डेढ़ लोग शामिल हुए। इस मौके पर प्रमुख रूप से चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष दीपक बाली, जिलाध्यक्ष मुकेश चावला, गदरपुर से आप नेता जरनैल सिंह काली, नंदलाल, अमर वर्मा, हरपिदर सिंह, अमन बाली, अमित पाल आदि मौजूद थे।