रंग लाई ग्रामीणों की चेतावनी
संवाद सहयोगी, खटीमा : बदहाल कंजाबाग-श्रीपुर बिचवा संपर्क मार्ग की मरम्मत का काम आखिरकार
संवाद सहयोगी, खटीमा : बदहाल कंजाबाग-श्रीपुर बिचवा संपर्क मार्ग की मरम्मत का काम आखिरकार शुरू हो गया है। ग्रामीणों की चेतावनी के बाद लोक निर्माण विभाग ने गड्ढों को पाटने का काम शुरू कर दिया है।
बता दें कि दो दर्जन से अधिक गांवों को शहर से जोड़ने वाला कंजाबाग-श्रीपुर बिचवा संपर्क मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। बारिश के बाद मार्ग का अधिकांश हिस्सा गड्ढों में तब्दील हो गया है। जिसके चलते लोगों को आवागमन करने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन हादसों में लोग चोटिल हो रहे हैं। ध्यान रहे कि बारिश से कुछ समय पूर्व मार्ग पर पैचवर्क किया गया था। जो कुछ ही महीनों में उधड़ गया। कुछ दिन पूर्व जिपं सदस्य नवीन जोशी व हरीश तिवारी तथा कंजाबाग रोड के बाशिदों ने सड़क की दुर्दशा के खिलाफ तहसील में प्रदर्शन कर धरना दिया था। उन्होंने मार्ग का जल्द पुनर्निर्माण न होने पर शुक्रवार से धरना व चक्का जाम का एलान किया था। ग्रामीणों की चेतावनी को देखते हुए लोनिवि ने शुक्रवार को कंजाबाग तिराहे से गड्ढों को पत्थर डालकर पाटने का काम शुरू करा दिया। मरम्मत के काम में जेसीबी मशीन भी लगाई गई है। इधर जिला पंचायत सदस्य नवीन जोशी, हरीश तिवारी, ग्राम प्रधान महेश मर्तोलिया, पूरन चंद्र जोशी, महेश राणा, महेश चंद आदि ने मार्ग की पूर्ण रूप से मरम्मत कराए जाने की मांग की है।