वन निगम अध्यक्ष के वाहन से भिड़ा वाहन, बाल-बाल बचे
वन विकास निगम के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश परिहार के वाहन को रुद्रपुर में छोटा हाथी वाहन ने टक्कर मार दी।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर :
वन विकास निगम के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश परिहार के वाहन को अटरिया मोड़ पर छोटा हाथी वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में परिहार बाल-बाल बचे। घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची आवास विकास चौकी पुलिस ने जाम खुलवाया और छोटा हाथी वाहन को कब्जे में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार को वन विकास निगम के अध्यक्ष सुरेश परिहार इनोवा कार से नैनीताल रोड से अटरिया मंदिर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नैनीताल रोड की ओर से आ रहे तेज रफ्तार छोटा हाथी ने उनके वाहन पर टक्कर मार दी। इससे इनोवा कार के साथ ही छोटा हाथी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वन विकास निगम अध्यक्ष परिहार के साथ ही वाहन चालक और दो पुलिस कर्मी घटना में बाल-बाल बचे। हादसे के बाद सड़क पर दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। सूचना पर आवास विकास चौकी पुलिस पहुंची और जानकारी ली। साथ ही छोटा हाथी और चालक को हिरासत में ले लिया। बाद में पुलिस ने हाईवे पर लगे जाम को खुलवाया। एसपी सिटी देवेंद्र पिचा ने बताया कि हाईवे पर वन विकास निगम अध्यक्ष के वाहन को टक्कर मारने की सूचना मिली थी। छोटा हाथी को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।