त्योहारों पर बढ़ी चिंता, उत्तराखंड में 55 हजार उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन ब्लॉक
उत्तराखंड में 55 हजार गैस कनेक्शन ई-केवाईसी न होने के कारण ब्लॉक हो गए हैं, जिससे त्योहारों के दौरान सिलेंडर बुकिंग में समस्या आ रही है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर । त्योहार पर रसोई गैस की बढ़ती जरूरत के बीच ऊधमसिंह नगर जिले के करीब 55 हजार परिवारों के गैस कनेक्शन ब्लाक हो गए हैं। जिले में भारत गैस, इंडेन और एचपी गैस के कुल 4.99 लाख उपभोक्ता हैं।
इनमें करीब 11 प्रतिशत यानी हर नौ में से एक उपभोक्ता का कनेक्शन ई-केवाईसी नहीं कराने के कारण बंद हो गया है। ऐसे में त्योहार के दौरान सिलिंडर की रिफिल बुकिंग को लेकर हजारों परिवारों की चिंता बढ़ गई है।
जिले में इंडेन गैस के तीन लाख 19 हजार उपभोक्ता हैं। इनमें करीब 33 हजार ने ई-केवाईसी नहीं कराई है। कंपनी के करीब 89 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने सत्यापन करा लिया है।
कुल उपभोक्ताओं का लगभग 2.9 प्रतिशत
वहीं, भारत गैस के एक लाख 10 हजार उपभोक्ताओं में करीब 20 हजार कनेक्शन ब्लाक हैं। यह कुल उपभोक्ताओं का लगभग 18.2 प्रतिशत है। एचपी गैस के जिले में 70 हजार उपभोक्ता हैं, जिनमें करीब दो हजार कनेक्शन बंद हुए हैं। यह कुल उपभोक्ताओं का लगभग 2.9 प्रतिशत है।
तीनों कंपनियों के आंकड़ों के अनुसार, करीब 55 हजार कनेक्शन प्रभावित हैं। ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर थी। निर्धारित समय में सत्यापन नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को अब कनेक्शन बहाल कराने के लिए संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क करना होगा।
जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लाक हुए हैं, वे गैस एजेंसी से संपर्क कर ई-केवाईसी करा लें। ई-केवाईसी कराने के लिए मोबाइल नंबर, आधार कार्ड एलपीजी आईडी से लिंक होना जरुरी है। इससे कनेक्शन बहाल होने के बाद रिफिल बुकिंग कर सिलिंडर प्राप्त करने में सुविधा होगी।
- प्रमोद पांडेय, प्रबंधक, इंडेन गैस एजेंसी रुद्रपुर
त्यौहार का समय है, उपभोक्ताओं की जरूरत को देखते हुए इस समय गैस कनेक्शन बंद नहीं किया जाना चाहिए। ऐसा करके सरकार आमजन को परेशान करने का काम कर रही है। अगर किसी को सिलेंडर नहीं मिला तो विरोध किया जाएगा।
- संजय जुनेजा, अध्यक्ष व्यापार मंडल रुद्रपुर
कोई उपभोक्ता परेशान नहीं होगा, ई - केवाईसी की एक प्रक्रिया है। उसे पूरा किया जा सकता है, लेकिन त्योहार के समय किसी को कनेक्शन बंद होने पर सिलेंडर नहीं मिलेगा यह बिल्कुल भी नहीं होगा। सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। अगर उपभोक्ता परेशान होगा तो अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
- शिव अरोरा, शहर विधायक, रुद्रपुर
