पंतनगर के दो मेधावियों को राष्ट्रीय युवा नेतृत्व पुरस्कार
जीबी पंत विश्वविद्यालय के विद्यार्थी रहे एवं परिसर में संचालित विवेकानंद स्वाध्याय मंडल के दो कर्मयोगी युवाओं को राष्ट्रीय युवा नेतृत्व पुरस्कार प्रदान किया गया है।
पंतनगर, जेएनएन। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के विद्यार्थी रहे एवं परिसर में संचालित विवेकानंद स्वाध्याय मंडल के दो कर्मयोगी युवाओं को राष्ट्रीय युवा नेतृत्व पुरस्कार मिला है। लखनऊ में आयोजित युवा कुंभ महोत्सव में श्वेता गुप्ता एवं सुशांत कुमार सहित देश भर से चयनित 20 युवाओं को उनकी विलक्षण प्रतिभा के लिए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सम्मानित किया।
पंत विवि से कंप्यूटर इंजीनियरिंग में स्नातक श्वेता गुप्ता अब भारतीय प्रबंध संस्थान, लखनऊ में फेलो प्रोग्राम में अध्ययनरत हैं। श्वेता ने विवेकानंद स्वाध्याय मंडल के साथ कार्य कर देश के विभिन्न संस्थानों में युवा जागृति के प्रयास किए। उन्होंने युवाओं के लिए तीन पुस्तकें भी लिखी। वहीं डॉ. सुशांत कुमार ने पंत विवि से स्नातक करने के बाद जेएनयू दिल्ली से स्नातकोत्तर एवं भारतीय विज्ञान संस्थान, बंगलुरु से पीएचडी की। सुशांत बिहार के ऐसे गांव से हैं, जिसने आज तक बिजली नहीं देखी।
विवेकानंद स्वाध्याय मंडल से जुड़ कर उन्होंने पंतनगर में सैकड़ों जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाकर योग्य बनने में सहयोग किया। बंगलुरु में उन्होंने सरकारी स्कूलों में बच्चों को विज्ञान शिक्षा के प्रति प्रेरित करने का बड़ा अभियान चलाया और छुट्टियों में बच्चों के शिविर आयोजित किए। सम्मान कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, पतंजलि योगपीठ के आचार्य बालकृष्ण भी उपस्थित थे। पंतनगर के युवाओं को राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर साथी छात्रों और शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी है।
यह भी पढ़ें: 13 गांवों में बायोटेक्नोलॉजी कम्युनिटी मॉडल, जानिए इसकी खासियत
यह भी पढ़ें: अब मौसम की मिल सकेगी सटीक जानकारी, जानिए कैसे
यह भी पढ़ें: गुजरात पहुंचा सिलोगी की कनिका का डस्टबिन, जानिए इसकी खासियत