60 लाख की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
केलाखेड़ा थाना पुलिस ने दो अन्तरराज्यीय अफीम तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 60 लाख की अफीम बरामद की है।
संवाद सूत्र, केलाखेड़ा : केलाखेड़ा थाना पुलिस ने दो अन्तरराज्यीय अफीम तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 किलो 140 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस के अनुसार जब्त अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 60 लाख रुपये है। आरोपितों का नारको एक्ट में चालान कर जेल भेज दिया गया है।
सोमवार को थाना केलाखेड़ा में अपर पुलिस अधीक्षक काशीपुर राजेश भट्ट ने प्रेस को बताया कि नशे के विरूद्ध चल रहे अभियान के दौरान बेरिया दौलत चौकी के अंतर्गत आने वाले गांव विजयरंपुरा मोड़ पर दो लोग बाईक पर आते दिखे। इनकी पीठ पर दो बैग लटके हुए थे। यह दोनों पुलिस को देख भागने लगे। पुलिस ने दोनों को धर दबोचा। पकडे़ गए आरोपितों का नाम मोईन खान पुत्र जहीर अहमद निवासी विजय रंपुरा केलाखेड़ा व रणजीत सिंह उर्फ जीतू गुत्र गुरदीप सिंह निवासी बांसखेड़ा काशीपुर है। पुलिस ने मोइन की पीठ पर लगे बैग से 4.100 किग्रा अफीम रणजीत सिंह की पीठ पर लगे बैग में से 2.040 किग्रा अफीम बरामद की। केलाखेड़ा थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नारको एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। एएसपी ने बताया कि पुलिस के गुड वर्क के लिये उन्होंने टीम को 1500 रुपये ईनाम देने की घोषणा की है।