दो पूर्व अध्यक्ष चुने गए दुग्ध संघ के डायरेक्टर
ाटीमा में ऊधमसिंह नगर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के चुनाव में दो पूर्व अध्यक्ष का चुनाव हुआ।
संवाद सहयोगी, खटीमा : ऊधमसिंह नगर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के चुनाव में दो पूर्व अध्यक्षों समेत छह संचालक निर्वाचित हो गए हैं। जबकि तीन पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। शनिवार को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव होगा।
निर्वाचन अधिकारी एसडीएम विजयनाथ शुक्ल, सहायक निर्वाचन अधिकारी जगमोहन त्रिपाठी व ब्रजेश सिंह की देखरेख में शुक्रवार को दुग्ध संघ कार्यालय में संचालक के छह पदों के लिए सुबह नौ से सायं चार बजे तक मतदान हुआ। जिसके बाद मतगणना कर परिणामों की घोषणा कर दी गई। निर्वाचन अधिकारी शुक्ल ने बताया कि चकरपुर सीट से गोविंद सिंह 42 मत प्राप्त कर विजेता बने। उनकी प्रतिद्वंद्वी जीवंती देवी को 10 मत मिले। झनकट से पूर्व दुग्ध संघ अध्यक्ष राजवीर सिंह 41 मत हासिल कर चुनाव जीते। उनके प्रतिद्वंदी गंगा देवी को 24 मत मिले। बाजपुर से पूर्व दुग्ध संघ अध्यक्ष अर्जुन सिंह रौतेला को 27 मत प्राप्त कर विजेता बने। प्रतिद्वंदी हरदेव को 13 वोट मिले। रुद्रपुर से सकत्तर सिंह 15 मत हासिल कर विजेता बने। संजय को 13 मत मिले। सितारगंज से साहब सिंह 31 मत प्राप्त चुनाव जीते। प्रतिद्वंदी प्रभा रावत को 16 मत मिले। खटीमा से रीना राना 38 मत प्राप्त विजेता बनी। प्रतिद्वंदी लीलावती को 20 वोट मिले। बता दें कि काशीपुर कुंडेश्वरी सीट से राधा देवी, शांतिपुरी से नेत्र सिंह देऊपा व गदरपुर से दीपा देवी पहले ही निर्विरोध डायरेक्टर चुनी जा चुकी हैं। शनिवार को नवनिर्वाचित संचालक मंडल दुग्ध संघ अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव करेगा। बाद में नवनिर्वाचित डायरेक्टरों का समर्थकों ने फूलमालाओं से स्वागत किया।