100 कुंतल खैर के साथ दो गिरफ्तार, छह फरार
डिबडिबा क्षेत्र से वन विभाग ने पिकअप और टाटा 407 से खैर की तस्करी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : डिबडिबा क्षेत्र से वन विभाग ने पिकअप और टाटा 407 से खैर की तस्करी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान छह तस्कर फरार हो गए। बाद में वन विभाग ने दोनों वाहनों से बरामद 100 कुंतल से अधिक खैर की लकड़ी जब्त कर ली। साथ ही सभी आरोपितों के खिलाफ वन अधिनियम का केस दर्ज कर गिरफ्तार तस्करों को जेल भेज दिया।
शनिवार की रात मुखबिर से सूचना मिली कि जिला रामपुर, बिलासपुर, डिबडिबा के शारदा कॉलोनी क्षेत्र से टाटा 407 और पिकअप वाहन से खैर की तस्करी की जा रही है। डिप्टी रेंजर प्रमोद त्रिपाठी ने बताया कि इसका पता चलते ही एसओजी के तराई केंद्रीय प्रभारी कैलाश चंद्र तिवारी, वन दरोगा प्रकाश चंद्र तिवारी, दुर्गादत्त मेलकानी, शशि वर्धन अधिकारी, मदन मोहन आर्या वन कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। टीम को देख कुछ तस्कर फरार हो गए। जबकि भागने का प्रयास कर रहे दो लोगों को टीम ने दबोच लिया और खैर से भरी हुई टाटा 407 और पिकअप वाहन कब्जे में ले लिया। डिप्टी रेंजर प्रमोद त्रिपाठी ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने अपना नाम जयपाल सिंह पुत्र लाखन सिंह और शीषपाल पुत्र भगवान दास निवासी डिबडिबा, बिलासपुर बताया। उन्होंने फरार साथियों के नाम प्रभाष झा, आलोक झा निवासी शारदा कालोनी, डिबडिबा, बिलासपुर और शौकीन निवासी खेड़ा, प्रवीन निवासी फौजी मटकोटा, गुरदीप निवासी कलकत्ती तथा इरशाद निवासी खेड़ा टांडा, स्वार रामपुर बताया। बाद में वन विभाग ने सभी तस्करों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया। साथ ही गिरफ्तार जयपाल और लाखन को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पकड़ी गई खैर की लकड़ी की कीमत करीब छह लाख रुपये से अधिक है।