तांत्रिक ने किशोरी से किया दुष्कर्म, गिरफ्तार
मंदिर में पूजा के बहाने तांत्रिक किशोरी को घर ले गया।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : मंदिर में पूजा के बहाने तांत्रिक किशोरी को घर ले गया। आरोप है कि इस दौरान उसने चाकू की नोक पर दुष्कर्म किया, साथ ही वीडियो क्लिप भी बना ली। बाद में क्लिप को इंटरनेट पर डालने और जान से मारने की धमकी देते हुए कई बार दुष्कर्म किया। साथ ही उसे रामपुर में कुछ दिन तक बंधक भी बनाया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक शहर निवासी व्यक्ति ने बताया कि रम्पुरा वार्ड नंबर 23 निवासी ओमप्रकाश पुत्र कल्लू तांत्रिक है। एक जनवरी को उसकी 17 साल की पुत्री घर से गायब हो गई। छह जनवरी को वह फाजलपुर महरौला में बेहोशी की हालत में मिली। बाद में उसने बताया कि तीन माह पूर्व ओमप्रकाश पुत्र कल्लू मंदिर में पूजा पाठ के बहाने उसे अपने घर ले गया, जहां चाकू दिखा उससे दुष्कर्म कर वीडियो क्लिप बना ली। क्लिप को इंटरनेट में डालने की धमकी पर आरोपित ने कई बार उससे दुष्कर्म किया। एक जनवरी को आरोपित ही डरा-धमकाकर उसे रामपुर ले गया। वहां एक घर में बंधक बना कई दिन तक उससे दुष्कर्म किया। बाद में बेहोशी की हालत में फाजलपुर महरौला में फेंक गया। कोतवाल कैलाश भट्ट ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपित को रम्पुरा से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।