बला उतारने के लिए तांत्रिक ने महिला को पीटा
संतान प्राप्ति के लिए दंपती तांत्रिक के फेर में फंस गया।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर :
संतान प्राप्ति के लिए दंपती तांत्रिक के फेर में फंस गया। इस दौरान तांत्रिक ने उनसे हजारों रुपये ठग लिए। महिला से बुरी बला उतारने के लिए उस पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। इससे महिला लहूलुहान हो गई। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक आजादनगर, ट्रांजिट कैंप देवराज ने बताया कि वह सिडकुल की कंपनी में काम करता है। 12 साल पहले उसका विवाह हुआ था। इस दौरान उन्हें संतान का सुख प्राप्त नहीं हुआ। तीन पुत्रियां और दो पुत्र हुए, लेकिन कुछ समय बाद ही उनकी मौत हो गई। किसी ने उन्हें तांत्रिक के बारे में बताया। तांत्रिक के झांसे में आकर उन्होंने आठ-नौ माह में 10 हजार रुपये से अधिक खर्च कर दिया। शुक्रवार रात तांत्रिक ने दोनों को अपने घर बुलाया। इस दौरान उसने देवराज को बताया कि उसकी पत्नी के ऊपर बुरी बला है। बला उतारने के लिए उसने पत्नी को लाठी डंडे से पीटना शुरू कर दिया। इससे वह घायल होकर बेहोश हो गई। इस पर देवराज ने पत्नी का जिला अस्पताल में उपचार कराया। इधर, शनिवार को देवराज पत्नी के साथ ट्रांजिट कैंप थाने पहुंचा और तहरीर सौंपी। एसओ ट्रांजिट कैंप विद्यादत्त जोशी ने बताया कि जांच की जा रही है। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।