छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने वाला छात्र पकड़ा
दिनेशपुर में पुलिस ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप में युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
संवाद सूत्र, दिनेशपुर : पुलिस ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप में युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को छात्रा का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया जाएगा। पुलिस के मुताबिक कक्षा 10 की छात्रा मंगलवार को स्कूल गई थी। शाम को छुट्टी के बाद वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने काफी खोजबीन की। पता नहीं चलने पर परिजनों ने रात को थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। देर रात को छात्रा सांवरिया मार्केट के पास बदहवास हालत में पाई गई थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। छात्रा ने पुलिस को बताया कि छुट्टी के बाद वह स्कूल से घर लौट रही थी। रास्ते में आइटीआइ का एक छात्र उसे जबरदस्ती नजदीक स्थित अपने कमरे में ले गया। युवक ने उससे छेड़खानी की और उसे एक कमरे में बंद कर दिया। देर रात को किसी ने दरवाजा खोल दिया। इसके बाद वह भागते हुए रास्ते में बेहोश होकर गिर पड़ी। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच पंतनगर थाने में तैनात एसआइ सोनिका जोशी ने की। जांच रिपोर्ट के अनुसार गुमशुदगी की धारा को हटाकर आरोपित युवक बसघर शक्तिफार्म निवासी बसंत सिंह के खिलाफ आइपीसी की धारा 342, 354 ए, 354 बी 7/8 पास्को एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपित को पकड़ लिया गया है, उसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इधर, नाम बदलकर खेड़ा निवासी युवक एक किशोरी के साथ खिलवाड़ करता रहा। इसकी जानकारी जब किशोरी की मां को हुई तो पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर निवासी एक महिला ने बताया कि उसकी 16 साल की पुत्री है। खेड़ा, वार्ड नंबर 18 निवासी एक युवक अपना नाम गोलू बताकर कई बार उसकी पुत्री को घुमाने के बहाने ले जाकर अश्लील हरकत करता था। इसका पता जब उसे हुआ तो उसने पुत्री से पूछताछ की। साथ ही युवक के संबंध में जानकारी जुटाई। इस दौरान पता चला कि युवक का असली नाम कादिर अंसारी है। मामले में पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अश्लील हरकत करने का केस दर्ज कर लिया है। एसएसआइ सतीश कापड़ी ने बताया कि जांच की जा रही है।