एसएसबी व नेपाल पुलिस ने सीमा पर की संयुक्त कांबिंग
संवाद सहयोगी, खटीमा : पड़ोसी देश नेपाल में चल रहे तीज महोत्सव को लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमा
संवाद सहयोगी, खटीमा : पड़ोसी देश नेपाल में चल रहे तीज महोत्सव को लेकर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई हैं। इसी क्रम में सशस्त्र सीमा बल व नेपाल आर्म्ड पुलिस के जवानों ने सीमा क्षेत्र में संयुक्त कांबिंग की। इस दौरान दोनों देशों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
नेपाल में इन दिनों तीज महोत्सव की धूम चल रही है। पड़ोसी देश के सीमावर्ती गांव सुंदरनगर, बाबाथान, दुधारा क्षेत्रों में दिन भर तीज महोत्सव के आयोजन चल रहे हैं। जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक भी वहां पहुंचते हैं। इसी के मद्देनजर दोनों देशों की ओर से सीमा क्षेत्र में चौकसी बरती जा रही है। शुक्रवार को एसएसबी 57वीं वाहिनी मेलाघाट व कंचनपुर नेपाल की आर्म्ड पुलिस फोर्स के जवानों ने सीमा पर स्थित पिलरों के आसपास व वन क्षेत्र में सघन कांबिंग की। इस दौरान आने-जाने वालों से वहां की स्थितियों के बारे में जानकारी हासिल की गई। इस मौके पर सहायक उपनिरीक्षक कुंदन सिंह, प्रेम सिंह, सुरेंद्र कुमार, कपिल सांगवान के अलावा नेपाल आर्म्ड पुलिस के एएसआई राजेंद्र प्रसाद भट्ट, कृष्ण रावत आदि मौजूद थे।