विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुद्रपुर में स्कूली वैन की मनमानी, 10 बच्चों की क्षमता में ठूंसे 22 छात्र; पुलिस ने काटा चालान

Published: Sun, 13 Sep 2026 07:24 PM (IST)

यातायात पुलिस के चेकिंग अभियान में रुद्रपुर के यूके कॉन्वेंट स्कूल की एक वैन में क्षमता से अधिक 22 बच्चे मिले, जबकि उसकी सीटिंग क्षमता 10 बच्चों की थी।

News Article Hero Image

HighLights

  1. रुद्रपुर में स्कूली वैन में क्षमता से अधिक बच्चे मिले।

  2. 10 सीटर वैन में 22 छात्र-छात्राएं सवार थे, चालान कटा।

  3. यातायात पुलिस ने स्कूल प्रशासन को सख्त चेतावनी दी।

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। यातायात पुलिस के चेकिंग अभियान में एक स्कूली वैन ऐसी मिली जिसमें क्षमता से अधिक बच्चों को भरकर ले जाया जा रहा था। यूके कान्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की 10 बच्चों की सीटिंग क्षमता वाली वैन में चालक के अलावा 22 छात्र-छात्राएं सवार मिले। यही नहीं वैन में फायर एक्सटिंग्विशर में रिफ्लिंग डेट नहीं थी और फर्स्ट एड बाक्स भी गायब था। पुलिस ने 5400 रुपए का चालान काटकर छोड़कर दिया।

यह है पूरा मामला

शनिवार को टीआई शिवराज सिंह बिष्ट, एएसआइ रंजीत सिंह बिष्ट यातायात पुलिस कर्मियों के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान टीम ने यूके कान्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की वैन को रोककर जांच की।

वैन में सीटिंग क्षमता 10 बच्चों की थी, लेकिन उसमें 22 बच्चे बैठे हुए थे। चेकिंग के दौरान वाहन में आग से बचाव के लिए फायर एक्सटिंग्विशर और प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड बाक्स की व्यवस्था में भी खामियां मिलीं।

यातायात पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रशासन से वार्ता की और तत्काल दूसरा वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। स्कूल प्रशासन की ओर से दूसरा वाहन उपलब्ध कराने के बाद वैन में क्षमता से अधिक बैठे छात्र-छात्राओं को उसमें बैठाकर भेजा गया। इसके बाद यातायात पुलिस ने संबंधित वैन के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत 5400 रुपये का चालान काटा।

साथ ही स्कूल प्रशासन को यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। टीआई शिवराज सिंह राणा ने बताया कि वैन में फायर एक्सटिंग्विशर में रिफ्लिंग डेट स्टीकर नहीं थी, जबकि इसे हर साल रिफ्लिंग करानी पड़ती है। इसके अलावा फर्स्ट एड बाक्स नहीं था। चालक चप्पल पहनकर वाहन चला रहा था। 

वाहनों में मानक से अधिक सवारियां बैठाने वाले वाहनों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। स्कूल की 10 सीटर वैन में 22 बच्चे बैठाना गंभीर मामला है। मंगलवार से जिले भर में स्कूली वैन और बसों के विरुद्ध चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

-नवीन कुमार सिंह, एआरटीओ, प्रवर्तन