विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुद्रपुर: ट्रांजिट कैंप में तमंचे और तलवार से तीन दोस्तों पर हमला, मरा समझकर छोड़ा... पुलिस कर रही तलाश

By Virendra BhandariEdited By: Nirmala Bohra
Published: Thu, 17 Sep 2026 11:33 AM (IST)

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप में बाजार से लौट रहे तीन दोस्तों पर तमंचे और तलवार से जानलेवा हमला किया गया। ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। बाजार से बाइक पर घर आ रहे तीन दोस्तों पर तमंचा और तलवार से लैस युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। बाद में उन्हें मरा समझकर आरोपित फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने तीन नामजद समेत तीन-चार अज्ञात पर प्राथमिकी पंजीकृत कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए उनके संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है।

ट्रांजिट कैंप जी ब्लाक निवासी विशाल शर्मा ने बताया कि 14 सितंबर की रात साढ़े दस बजे वह अपने साथी अनमोल विश्वास पुत्र सूरज कुमार के साथ बाजार से बाइक पर वापस घर की ओर आ रहा था। इसी बीच गोल मड़ैया के पास तमंचा और तलवार से लैस ट्रांजिट कैंप निवासी प्रवेश गंगवार, प्रमोद, वेद प्रकाश ने अपने तीन-चार साथियों के साथ मिलकर उनका रास्ता रोक लिया। साथ ही उनसे गालीगलौज करने लगे।

विरोध करने पर उन्होंने धारदार हथियारों से तीनों पर हमला कर दिया। जिससे वह लोग घायल हो गए। बाद में हमलावर तीनों को मरा समझकर वहां से फरार हो गए। यह देख आसपास के लोगों ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां विशाल शर्मा के सिर पर 20 टांके आए, जबकि अनमोल के सिर पर 16 और सूरज के हाथ पर चार टांके आए।

विशाल ने पुलिस से आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल ट्रांजिट कैंप धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि तीन नामजद समेत तीन-चार अन्य पर जानलेवा हमले की प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। हमलावरों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।