बिहार से दिल्ली होते हुए उत्तराखंड पहुंची नशे की खेप, रोडवेज स्टेशन पर 14 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान 14 किलो गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। बिहार से ट्रेन में दिल्ली तक हजारों रुपये कीमत का गांजा पहुंचा दिया गया। इसके बाद दिल्ली से रोडवेज बस में रुद्रपुर लाया गया। रोडवेज में चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे तस्कर को दबोच लिया। उसके पास से 14 किलो गांजा बरामद हुआ। बाद में पुलिस ने उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कर जेल भेज दिया है।
गुरुवार देर रात कोतवाली पुलिस क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस टीम एसआइ प्रदीप कुमार की अगुवाई में संदिग्ध की चेकिंग करते हुए रोडवेज स्टेशन पर पहुंच गई। जहां पुलिस को चेकिंग करता देख एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा कर दबोच लिया।
उसके पास मिले बैग को चेक किया गया तो उसमें (14 बंडल) 14 किलो गांजा बरामद हुआ। इस पर पुलिस ने बरामद गांजा कब्जे में ले लिया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए तस्कर ने अपना नाम जयपुर थाना मेहंदिया जिला अरवन बिहार निवासी जोगेंद्र कुमार पुत्र रामसेवक यादव बताया। बताया कि वह गांजा रुद्रपुर में बेचने के लिए बिहार से लाया था।
बिहार से वह ट्रेन में गांजा दिल्ली तक लाया था। जिसके बाद दिल्ली से रोडवेज बस से गांजा लेकर रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन पर पहुंचा। सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। तस्कर जोगेंद्र से पूछताछ के आधार पर गांजा मंगवाने वाले तक पुलिस पहुंचने का प्रयास कर रही है।
