विनोद की गिरफ्तारी को रामपुर पुलिस ने दी दबिश
बेटी और दामाद को गोली मारने वाले बसपा जिलाध्यक्ष विनोद कुमार की गिरफतारी को पुलिस ने यहां दबिश दी।
जागरण संवाददाता, काशीपुर : बेटी और दामाद को गोली मारने वाले बसपा जिलाध्यक्ष विनोद कुमार गौतम की तलाश में रामपुर पुलिस ने शनिवार को काशीपुर क्षेत्र के पैगा और आवास विकास कॉलोनी में दबिश दी। इस दौरान विनोद की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। विनोद कुमार गौतम मूल रूप से काशीपुर के पैगा के रहने वाले हैं। उनका गांव यूपी बॉर्डर से सटे ही है। उनका काशीपुर शहर के आवास विकास में भी मकान है। वहीं पर परिवार के साथ रहते हैं। गांव पर उनके भाई और चाचा का परिवार है। विनोद की पुत्री का प्रेम संबंध सैदनगर के युवक से चल रहा था। घर में सभी इस रिश्ते के विरोध में थे।
दो दिनों से तनाव में थे विनोद
बिना परिजनों को बताए रामपुर जाकर बेटी के कोर्ट मैरेज करने के फैसले से विनोद पिछले दो दिनों से तनाव में थे। मामले को लेकर घर में भी तनाव था, लेकिन वह ऐसा कदम उठा लेंगे यह किसी ने सोचा नहीं था। पांच दिन में ऑनर शूट की दूसरी घटना
काशीपुर में लोग अभी अल्ली खां मोहल्ले के दोहरे हत्याकांड को भूले भी नहीं थे कि शुक्रवार रात रामपुर में काशीपुर के एक और पिता ने बेटी और दामाद को गोली मार दी। विनोद के रामपुर जाने से पहले परिजनों ने उन्हें कोई भी अनुचित कदम न उठाने की सलाह दी थी। सभी को यही लगा कि वह बेटी से मिलकर पिघल जाएंगे, लेकिन हुआ इसके उलट। विनोद ने किसी अच्छे घर में तय किया था रिश्ता
विनोद के परिवार को करीब से जानने वालों का कहना है कि उन्होंने एक अच्छे घर में बेटी का रिश्ता तय कर रखा था। तब बेटी ने इन्कार भी नहीं किया था। अचानक उसके इस कदम से पूरा परिवार आहत हो गया। बसपा ने पार्टी से किया निष्कासित
बहुजन समाज पार्टी प्रदेश कार्यालय प्रभारी धर्म सिंह की ओर से शनिवार को जारी आदेश में विनोद कुमार गौतम को अनुशासनहीनता के कारण तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश और चौ. चरण सिंह, भृगुराशन, भीष्म नारायण व सतपाल सिंह ठकुराल की संस्तुति पर अरविद कुमार गौतम को ऊधमसिंह नगर का नया बसपा जिलाध्यक्ष घोषित कर दिया गया।