बीजेपी की जुमलेबाजी देख चुकी जनता, निकाय चुनाव में देगी कांग्रेस का साथ
कांग्रेस का कहना है कि आम जनता बीजेपी की जुमलेबाजी से त्रस्त आ चुकी है। इसलिए निकाय चुनाव में जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान का मन बना चुकी है।
रुद्रपुर, [जेएनए]: निकाय चुनाव अब दूर नहीं है। कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं एक जुटकर होकर चुनाव तैयारियों पर जोर दें। चुनाव आयोग कभी भी चुनाव की तिथि घोषित कर सकता है, इसके लिए सभी तैयार रहें।
कांग्रेस जिला कार्यालय में हुई बैठक में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष व जनपद पर्यवेक्षक जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि संभवत इसी माह चुनाव प्रक्रिया करा ली जाएगी। उनका कहना है कि पदाधिकारी व कार्यकर्ता आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी हित में कार्य करें। उन्होने बताया कि आज प्रदेश की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से ऊब चुकी है और लगों के दिल में भाजपा से बदला लेने की भावना तेजी के साथ पनप रही है।
जोत सिंह बोले, निकाय चुनाव में राज्य की जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान का मन बना चुकी है। इसलिए सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी जन भावनाओं के अनुरुप कार्य कर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने को कहा। साथ ही कहा कि जो भी कार्यकर्ता पार्षद व मेयर का चुनाव लड़ने के इच्छुक है वह अपना नाम बायोडाटा अपने क्षेत्र के नगर अध्यक्ष को उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों की घोषणा करने से पहले यदि समय से प्रत्याशियों का चयन किया जाए तो वह अपने वार्ड में बेहतर तैयारी कर सकता है। इसका लाभ पार्टी को मिलेगा।
इस मौके पर पूर्व सांसद व जिला पर्यवेक्षक महेंद्रपाल ने कहा कि कार्यकर्ता कमर कस लें क्योंकि जनता का मन कांग्रेस को जिताने का है। वह भाजपा की जुमलेबाजी देख चुकी है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में 25 या 26 अप्रैल को हो सकते हैं निकाय चुनाव
यह भी पढ़ें: निकाय चुनाव को कांग्रेस ने नियुक्त किए जिला पर्यवेक्षक