बॉर्डर पर रोकी बरात, दुल्हन का इंतजार
काशीपुर में लॉक डाउन के चलते शादी की रस्मों पर भी ग्रहण लग रहा है। मंगलवार को फिर एक बरात रोकी गई।
जागरण संवाददाता, काशीपुर: लॉक डाउन के चलते शादी की रस्मों पर भी ग्रहण लग रहा है। मंगलवार को मुरादाबाद से सेहरा बांध बरात लेकर निकले दूल्हे को पुलिस ने बॉर्डर पर ही रोक दिया। शादी के लिए जरूरी अनुमति पत्र दिखाने को कहा तो दूल्हा बगलें झांकने लगा। दरअसल, बरात हल्द्वानी की तरफ जानी थी और कागजात बने थे दुल्हन के नाम से। ऐसे में दूल्हे को पुलिस ने आगे नहीं जाने दिया। दूल्हा मनुहार करता रह गया। इस दौरान कई बार उसका धैर्य जवाब देने लगा तो पुलिस कर्मियों ने उसे नियमों का हवाला देकर शांत किया। अब लड़की वालों को बॉर्डर पर ही आने को कह दिया गया है। पुलिस वालों ने भी बरातियों को खाना खाकर इंतजार करने को कहा है।
दूल्हा कासिम अली मुरादाबाद के थाना डिलारी क्षेत्र के ग्राम रहटा से मंगलवार सुबह सात बजे बरात लेकर सूर्या बॉर्डर पर पहुंच गया। पुलिस ने कार सवार दूल्हे को रोक दिया। निकाह छह माह पूर्व हल्द्वानी के गोला गेट निवासी रूबीना से तय हुआ था। हल्द्वानी से दुल्हन के परिजनों ने प्रशासन से लिया अनुमति पत्र भिजवाया था। पुलिस ने बताया कि परमिशन दूल्हे के बजाय दुल्हन के नाम का था। ऐसे में आगे नहीं जाने दिया जा सकता। दुल्हन लिए बिना गांव नहीं जाऊंगा
बॉर्डर पर पुलिस वालों ने नियम-कानूनों का पाठ पढ़ाया तो कासिम भी अड़ गया। बोला कि अब तो मैं दुल्हन को लेकर ही गांव लौटूंगा। दुल्हन बिना गया तो गांव में जगहंसाई हो जाएगी। काफी समझाने के बाद कासिम के परिजनों ने लड़की वालों से बात कर बॉर्डर पर ही आने को कहा दिया है। इस दौरान पुलिस ने बरातियों को भोजन के पैकेट उपलब्ध करा दिए हैं।