किसानों के दिल्ली कूच को लेकर उत्तर प्रदेश सीमा पर सतर्क रही पुलिस
खटीमा में पुलिस प्रशासन किसानों के ट्रैक्टरों से दिल्ली कूच को लेकर बेहद चौकन्न बना रहा।
संवाद सहयोगी, खटीमा : पुलिस प्रशासन किसानों के ट्रैक्टरों से दिल्ली कूच को लेकर बेहद चौकन्ना बना रहा। इसको लेकर पुलिस ने उत्तर प्रदेश सीमा के मझोला चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। हालांकि इस दौरान कोई भी किसान ट्रैक्टरों से दिल्ली जाता हुआ नहीं मिला।
किसानों ने कृषि कानूनों के विरोध में शनिवार को ट्रैक्टरों से दिल्ली कूच की घोषणा कर रखी थी। उनकी घोषणा को देखते हुए सुबह से ही पुलिस प्रशासन बेहद सतर्क बना रहा। एसएसआइ लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने उत्तर प्रदेश सीमा के स्थित मझोला चेक पोस्ट पर चेकिंग अभियान चलाया। साथ ही सीमा पर इधर-उधर ट्रैक्टरों से गुजरने वाले लोगों से पूछताछ की। एसएसआइ सिंह बताया कि किसानों के ट्रैक्टरों से दिल्ली कूच को लेकर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा क्षेत्र के किसानों से गणतंत्र दिवस की सुरक्षा को लेकर वार्ता भी की गई है। साथ ही उनसे दिल्ली न जाने की अपील की गई है। किसानों से अपना विरोध प्रदर्शन क्षेत्र में ही शांतिपूर्वक तरीके से करने के लिए कहा गया है।
--------------
गुपचुप तरीके से दिल्ली जाने में जुटे किसान
किसानों के दिल्ली कूच आह्वान को लेकर बड़ी संख्या में किसान गुपचुप तरीके से दिल्ली जाने में जुटे हुए है। शनिवार को भी उत्तर प्रदेश सीमा से सटे कई गांवों के करीब 15-20 किसान अपने-अपने साधनों से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष गुरुसेवक सिंह ने बताया कि किसान उनके बिना बताए दिन प्रतिदिन दिल्ली जा रहे है। दो दिन पूर्व भी बड़ी संख्या में किसान दिल्ली के लिए गए थे।