पेट्रोल पंप मैनेजर संदिग्ध परिस्थिति में घायल
बाइक से घर लौटते समय पेट्रोल पंप मैनेजर संदिग्ध परिस्थितियों में घायल हो गया।
जागरण संवाददाता, काशीपुर : बाइक से घर लौटते समय पेट्रोल पंप मैनेजर संदिग्ध परिस्थितियों में घायल हो गया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर ऑपरेशन के दौरान युवक की पीठ से गोलीनुमा लोहा निकला है। हालांकि बदमाशों द्वारा पेट्रोल पंप मैनेजर के गोली मारने की बात चर्चा का विषय बनी हुई है। जबकि मैनेजर द्वारा भी अज्ञात कार द्वारा पीछे से टक्कर मारा जाना बताया जा रहा है।
वैशाली कॉलोनी निवासी अंगेश शर्मा पुत्र ओमप्रकाश शर्मा मसवासी, रामपुर उप्र में किसी पेट्रोल पंप पर मैनेजर है। रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह बाइक से ड्यूटी के बाद घर लौट रहा था। थाना आइटीआइ क्षेत्र के ग्राम परमानंदपुर स्थित यूके ढाबे के पास वह बाइक से नीचे गिर गया। राहगीर की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचित कर उसे मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों में मैनेजर को बदमाशों द्वारा गोली मारे जाने की बात चर्चा का विषय बनी हुई है। जबकि चिकित्सक भी युवक के गन शॉट होने से इन्कार नहीं कर रहे हैं। थानाध्यक्ष कुलदीप अधिकारी का कहना है कि शाम में उन्हें सड़क हादसे की सूचना मिली थी। जब वह वहां पहुंचे तो घायल ने भी अज्ञात कार चालक द्वारा टक्कर मारना बताया था। जिसके बाद उसे एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने गन शॉट हो सकता है बताया है। हालांकि चिकित्सकों ने स्थिति को क्लीयर नहीं किया है। यदि पीड़ित की तरफ से लिखित में तहरीर दिया जाता है तो ऑपरेशन में निकले लोहे की जांच कराई जाएगी।