धैर्य को न्याय दिलाने के लिए उमड़े लोग
घायल धैर्य वशिष्ठ को न्याय दिलाने को लेकर राजनैतिक, सामाजिक, धार्मिक संगठनों ने धरना-प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर :
घायल धैर्य वशिष्ठ को न्याय दिलाने को लेकर राजनैतिक, सामाजिक, धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने होटल रेडिसन ब्लू पर धरना-प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि मांग पूरी न हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। लोगों के आक्रोश देख होटल प्रबंधन ने धैर्य के परिजनों को छह लाख रुपये का चेक दिया। साथ ही सिडकुल के सहयोग से भी उपचार को चार लाख रुपये दिलाने का आश्वासन विधायक राजकुमार ठुकराल ने दिया। इसके बाद धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ।
25 नवंबर 2018 को होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित सेमीनार के दौरान शांति विहार कॉलोनी निवासी योगेश वशिष्ठ का तीन साल का पुत्र धैर्य लॉबी से नीचे गिर गया था। गंभीर रूप से घायल धैर्य गुड़गाव के मेंदाता अस्पताल में ¨जदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। अब तक उसके उपचार में 30 लाख का खर्च आ चुका है। एक माह बाद पंतनगर थाने में होटल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इससे भड़के राजनैतिक, सामाजिक, धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने बीती बुधवार को होटल रेडिसन पर प्रदर्शन किया था। आर्थिक मुआवजा बाबत होटल प्रबंधक से हुई बैठक भी बेनतीजा रही। लोग बीते गुरुवार को एसएसपी और डीएम से भी मिले थे। कोई हल नहीं निकला तो सोमवार को विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में फिर लोग होटल रेडिसन ब्लू के बाहर एकत्र हो गए और प्रदर्शन किया। हाथ में जस्टिस फॉर धैर्य वशिष्ठ स्लोगन लिखी तख्तियां लिए लोगों ने जमकर नारेबाजी की। बाद में विधायक राजकुमार ठुकराल से हुई वार्ता के बाद होटल प्रबंधन ने आर्थिक सहायता के तौर पर धैर्य के दादाजी व अन्य परिजनों को छह लाख का चेक सौंपा। इस दौरान विधायक ने कहा कि सिडकुल एसोसिएशन, सिडकुल आरएम से भी वार्ता की गई है। वह भी सिडकुल की फैक्ट्रियों की मदद से धैर्य के उपचार को चार लाख रुपये देंगे। इसके बाद ही धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ। इस अवसर पर विधायक राजकुमार ठुकराल, कांग्रेस नेता हिमांशु गावा, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, भाजपा नेता भारत भूषण चुघ, कांग्रेस नेता सुशील गावा, सौरभ बेहड़, राजेश कामरा, बीडी भट्ट, अवतार ¨सह बिष्ट, रमेश वशिष्ठ आदि मौजूद थे।
---
रेडिसन के आसपास पुलिस रही तैनात
सिडकुल के साथ ही रुद्रपुर कोतवाल कैलाश भट्ट, एसओ पंतनगर अशोक कुमार और ट्रांजिट कैंप एसओ विद्या दत्त भट्ट पुलिस फोर्स के साथ रेडिसन होटल के बाहर पहुंच गए। इस दौरान रेडिसन होटल रोड पर बैरियर लगा वाहनों की आवाजाही रोक दी गई।
---
मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मिले दो लाख
धैर्य के उपचार को पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश परिहार के प्रयास से मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दो लाख रुपये मिल गए हैं। धरना प्रदर्शन में विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि दो लाख रुपये मेंदाता अस्पताल पहुंच गए हैं। प्रयास है कि प्रधानमंत्री विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक मदद मिले। इसके अलावा हरियाणा सरकार और स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता कर अस्पताल का बकाया 20 लाख का बिल भी कम करने का प्रयास है।