सितारगंज में गुलदार की दहाड़ से उड़ी नींद
सितारगंज में बंद पड़ी चीनी मिल की दीवार पर रविवार शाम गुलदार बैठा देख हड़कंप मच गया।
जासं, सितारगंज : क्षेत्र स्थित बंद पड़ी चीनी मिल की दीवार पर रविवार शाम गुलदार बैठा देख हड़कंप मच गया। आसपास के इलाके में भी दहशत पसर गई है। हो-हल्ला मचने पर गुलदार आबादी वाले इलाके में घुस गया। धान की खड़ी फसल व रात होने की वजह से गुलदार की स्थिति का सटीक अंदाजा नहीं लग पाया। सूचना पर पहुंची प्रशासन व वन विभाग की टीम ने अबादी क्षेत्र डेरा डाल दिया है। टीम को सुबह होने का इंतजार है। इस दौरान लोगों को सावधानी बरतने कहा गया है। गुलदार की दहशत में लोगों की नींद उड़ गई है।
वन दारोगा जितेंद्र डिमरी ने बताया कि सायं करीब छह बजे स्थानीय सरड़का चौकी व निवासियों ने मिल की दीवार पर गुलदार के बैठे होने की सुचना दी। मौके पर पहुचने पर लोगों ने अंधेरा होने पर गुलदार के अबादी वाले क्षेत्र में चले जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रात हो जाने की वजह से हमने गाव में मुनादी करवा दी है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए विभागीय टीम को पहरे पर लगा दिया है। सुबह होने पर क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जाएगा।चीनी मिल क्षेत्र से सटे गाव गोविंदपुर, धान चौड़ा, खुनसरिया, सरकड़ा और बालपुर में दहशत का माहौल है। लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं और गाव में चारों ओर सन्नाटा पसरा हुआ है।