लॉकडाउन ने बनाया साइकिल का दीवाना
रुद्रपुर में पर्यावरण प्रदूषण कम करने के लिए परिवहन के रूप में साइकिल का प्रयोग कर रहे हैं लोग।
मनीस पांडेय, रुद्रपुर : पर्यावरण प्रदूषण कम करने के लिए परिवहन के रूप में साइकिल का प्रयोग सबसे बेहतर साधन है। इसमें बिना किसी ईधन के सफर तय किया जा सकता है। स्वस्थ रहने के लिए भी लोग साइकिल के प्रयोग को तवज्जो दे रहे हैं। इम्युनिटी बढ़ाने वाली साइकिलिग कोरोना काल में सबसे अच्छा व्यायाम है। ऐसे में साइकिल के प्रयोग को बढ़ाने के लिए लॉकडाउन ने सबसे अच्छी भूमिका अदा की है।
लॉकडाउन के दौरान लोग घरों में कैद हो गए तो साइकिल की मांग बढ़ गई। बंद बाजार में लोग साइकिल की तलाश में निकल पड़े। बाजार खुलने के बाद साइकिल की बिक्री तेज हो गई है। बच्चों के बजाय अब बड़े साइकिल खरीद रहे हैं, जिसमें 30 साल की उम्र से लेकर 60 वर्षीय लोग शामिल हैं। मुख्य बाजार क्षेत्र के साइकिल विक्रेता गुरमीत सिंह ने बताया कि स्वास्थ समस्याओं के हल के लिए लोग व्यायाम को तवज्जो दे रहे हैं, जिसमें साइकिल चलाना भी एक अच्छा व्यायाम माना जा रहा है। ज्यादातर लोग परिवहन के लिए तो मोटर साइकिल प्रयोग कर रहे हैं, लेकिन सुबह शाम के लिए व्यायाम के लिए साइकिल का प्रयोग कर रहे हैं। बढ़ रहा बाजार
महंगे हो रहे ईंधन के बीच साइकिल का बाजार बढ़ने लगा है। औद्योगिक नगरी ऊधमसिंह नगर में साइकिल खरीदने व प्रयोग करने वालों की बड़ी संख्या है। जिले के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग साइकिल का प्रयोग यातायात साधन के रूप में कर रहे हैं, जिसमें श्रमिकों की संख्या ज्यादा है। कोरोना भगाएगी साइकिल
रुद्रपुर: कोरोना बीमारी को दूर भगाने में साइकिल बहुत मददगार है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. मनोज तिवारी ने बताया कि साइकिलिंग से इम्यून सिस्टम मजबूत होता है। इससे कोरोना बीमारी दूर ही रहेगी। इस व्यायाम से फेफड़े व दिल को भी फायदा होगा। यह वजन घटाने में भी काफी मददगार है।